रिन्यूएबल एनर्जी और ईवी सेक्टर से बनेंगे लाखों ग्रीन जॉब्स: डॉ. जितेंद्र सिंह


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि भारत में रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (ईवी) सेक्टर आने वाले वर्षों में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करेंगे, क्योंकि देश तेजी से ग्रीन इकोनॉमी की ओर बढ़ रहा है।

पृथ्वी दिवस के मौके पर जामिया मिलिया इस्लामिया में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन, ग्रीन फ्यूल और सर्कुलर इकोनॉमी जैसे सेक्टर युवाओं के लिए रोजगार के बड़े स्रोत बनेंगे।

उन्होंने कहा, “ग्रीन जॉब्स और ग्रीन उद्यमिता भविष्य की ग्रीन इकोनॉमी की सबसे बड़ी ताकत बनेंगे, जो युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर नौकरी के मौके पैदा करेंगे।”

मंत्री ने बताया कि कम कार्बन वाली अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ने से न केवल रोजगार बढ़ेगा, बल्कि भारत की टिकाऊ (सस्टेनेबल) विकास दर भी मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाएं इस दिशा में काम कर रही हैं, जैसे राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन, जिसमें 19,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का निवेश किया जा रहा है। यह योजना स्टील और सीमेंट जैसे उद्योगों को साफ ऊर्जा की ओर ले जाने में मदद करेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि नई तकनीकें तेजी से विकसित हो रही हैं, जिससे ग्रीन सेक्टर में नए अवसर बन रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, अब पारंपरिक वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदला जा रहा है, जिससे ये तकनीक सस्ती और आसान हो रही है।

मंत्री ने कहा कि सोलर मैन्युफैक्चरिंग, बैटरी उत्पादन, पावर ग्रिड मैनेजमेंट और बायोफ्यूल जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अच्छे अवसर हैं। इसके अलावा, इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल को बायोफ्यूल में बदलना जैसे काम भी नए बिजनेस के मौके दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समुद्री ऊर्जा अभी काफी कम इस्तेमाल हो रही है, लेकिन भविष्य में यह सोलर और विंड एनर्जी के साथ मिलकर ऊर्जा का बड़ा स्रोत बन सकती है।

ऊर्जा सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि भारत न्यूक्लियर पावर को भी बढ़ा रहा है और स्पेस व परमाणु ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निजी कंपनियों को भी मौका दे रहा है, जिससे निवेश और इनोवेशन बढ़ेगा।

उन्होंने 1 लाख करोड़ रुपए के रिसर्च, डेवलपमेंट और इनोवेशन (आरडीआई) फंड का भी जिक्र किया, जो स्टार्टअप्स और नए आइडियाज को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है।

जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारत ‘लाइफस्टाइल फॉर इनवायरमेंट (लाइफ)’ के विजन के साथ दुनिया में ग्रीन बदलाव का नेतृत्व करने की अच्छी स्थिति में है।

आगे उन्होंने छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे सस्टेनेबिलिटी से जुड़े अवसरों को अपनाएं, क्योंकि भविष्य की तरक्की इनोवेशन, नई सोच और सही फैसलों पर निर्भर करेगी।

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button