मार्केट आउटलुक: फेड, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता और आर्थिक आंकड़ों से तय होगा बाजार का रुझान


मुंबई, 14 जून (आईएएनएस)। भारतीय शेयर बाजार के लिए अगला हफ्ता काफी अहम होने वाला है। अमेरिकी फेड पॉलिसी, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता और घरेलू आर्थिक आंकड़ोंं जैसे थोक महंगाई और आयात-निर्यात से बाजार की चाल तय होगी।

अगले हफ्ते अमेरिका-ईरान शांति वार्ता पर बाजार की निगाहें होंगी। विदेशी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों पक्ष शांति समझौता करने के अंतिम दौर में है। जल्द ही अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए एक डील हो सकती है।

अमेरिकी फेड की बैठक 16-17 जून को प्रस्तावित है। यह बैठक ऐसे समय पर हो रही है, जब कच्चे तेल के दाम उच्च स्तर पर बने हुए हैं और इससे महंगाई बढ़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में इस बैठक में ब्याज दरों में इजाफा किया जाता है तो बाजार पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

घरेलू स्तर पर भी 15-19 जून के बीच कई आर्थिक आंकड़े आएंगे। सरकार द्वारा थोक महंगाई के आंकड़े 15 जून को जारी किए जाएंगे। वहीं, आयात निर्यात और बैंलेंस ऑफ ट्रेड के आंकड़े 16 जून और विदेशी मुद्रा भंडार का डेटा 19 जून को आएगा।

बीता हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा। इस दौरान सेंसेक्स 1,284.61 अंक या 1.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,527.95 और निफ्टी 256.20 अंक या 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,622.90 पर बंद हुआ।

इस दौरान बाजार का नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। सूचकांकों में निफ्टी बैंक 4.25 प्रतिशत की मजबूती के साथ टॉप गेनर था। इसके बाद निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (3.54 प्रतिशत), निफ्टी सर्विसेज (1.97 प्रतिशत), निफ्टी एफएमसीजी (1.09 प्रतिशत), निफ्टी हेल्थकेयर (0.92 प्रतिशत), निफ्टी इन्फ्रा (0.59 प्रतिशत), निफ्टी फार्मा (0.54 प्रतिशत) और निफ्टी ऑटो (0.49 प्रतिशत) की मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुआ।

दूसरी तरफ, निफ्टी आईटी (4.19 प्रतिशत), निफ्टी मेटल (2.78 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (2.73 प्रतिशत), निफ्टी कमोडिटीज (2.05 प्रतिशत) और निफ्टी पीएसई (1.82 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुआ।

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button