अदाणी समूह का मार्केटकैप करीब 20 लाख करोड़ रुपए हुआ, 2026 में जोड़े 5 लाख करोड़ रुपए

अहमदाबाद, 27 मई (आईएएनएस)। अदाणी समूह की कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में तेज वृद्धि देखने को मिली है और इससे ग्रुप का कुल मार्केटकैप बढ़कर करीब 20 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन और निवेशकों के विश्वास के कारण अदाणी समूह का बाजार मूल्यांकन इस वर्ष की शुरुआत से अब तक 5 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है।
समूह की कंपनियों में, इस वर्ष अदाणी पावर ने बाजार मूल्यांकन में सबसे अधिक योगदान दिया है।
कंपनी का वर्तमान बाजार पूंजीकरण 4,79,167 करोड़ रुपए है, जो इसे समूह की सबसे मूल्यवान कंपनी बनाता है।
इसने 2026 में अब तक अपने बाजार पूंजीकरण में 2,02,511 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की है।
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) 4,20,611 करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि अदाणी एंटरप्राइजेज का मार्केट 3,82,634 करोड़ रुपए है।
इस साल की शुरुआत से अब तक अदाणी एंटरप्राइजेज का मार्केटकैप 93,051 करोड़ रुपए और अदाणी पोर्ट्स का बाजार पूंजीकरण 82,222 करोड़ रुपए बढ़ गया है।
अदाणी ग्रीन एनर्जी का बाजार पूंजीकरण 2,44,177 करोड़ रुपए है, जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का बाजार पूंजीकरण 1,83,700 करोड़ रुपए हो गया है।
समीक्षा अवधि में अदाणी ग्रीन एनर्जी का मार्केटकैप 77,000 करोड़ रुपए और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस का बाजार पूंजीकरण 60,780 करोड़ रुपए बढ़ा है।
अंबुजा सीमेंट का बाजार मूल्यांकन 1,13,012 करोड़ रुपए है। समूह की अन्य सूचीबद्ध कंपनियों में अदाणी टोटल गैस, एसीसी, ओरिएंट सीमेंट, सांघी इंडस्ट्रीज और एनडीटीवी शामिल हैं।
इस तेजी के चलते अदाणी समूह की तीन कंपनियां बाजार पूंजीकरण के आधार पर भारत की शीर्ष 20 सूचीबद्ध कंपनियों में शामिल हो गई हैं।
अदाणी पावर फिलहाल 11वें स्थान पर है, उसके बाद अदाणी पोर्ट्स 15वें और अदाणी एंटरप्राइजेज 20वें स्थान पर हैं।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि समूह की कंपनियों द्वारा लगातार अच्छा प्रदर्शन, निवेशकों का बढ़ता भरोसा और वैश्विक ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन की हालिया सकारात्मक टिप्पणी, जिसमें समूह की निष्पादन क्षमता और विकास संभावनाओं का समर्थन किया गया है, शेयरों के मूल्यांकन में इस तेज वृद्धि का कारण हैं।
–आईएएनएस
एबीएस/