बंगाल में ‘मां-माटी-मानुष’ का अपमान हुआ, जनता वोट से देगी जवाब: नितिन नवीन


नैहाटी, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को पहले चरण के तहत वोटिंग होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया कि गुरुवार से ममता की आराजकता वाली सरकार का समापन शुरू होगा।

नैहाटी में आईएएनएस से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अपनी पहली मुक्ति के लिए वोट करेगी। वे टीएमसी सरकार को हटाने के लिए वोट करेंगे। जिस प्रकार से टीएमसी के गुंडों ने हफ्ता वसूली और रंगदारी की और लोगों को प्रताड़ित किया है, जिस ‘मां, माटी, मानुष’ के नारे के साथ टीएमसी सरकार सत्ता में आई थी, उन्होंने उसका भी अपमान किया है। इसलिए अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। पश्चिम बंगाल की जनता इसकी शुरुआत गुरुवार को होने वाले पहले चरण की वोटिंग से करेगी।

उन्होंने कहा कि टीएमसी के लोग अराजकतावादी हैं। ये संविधान और संविधान में निर्धारित प्रक्रियाओं में विश्वास नहीं रखते। ये अपनी सत्ता और अपने शासन में विश्वास रखते हैं। ये संविधान के कानूनों को नहीं मानते। और यही कारण है कि इन्हें हर तरफ से फटकार पड़ रही है।

पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर निंदा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि जब भी कांग्रेस ने इतनी गिरी हुई बातें की हैं तो जनता ने उसे जवाब दिया है, और इस बार भी देगी।

नितिन नवीन ने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने मोदी का अपमान किया, तब-तब देश की जनता मोदी को जीत का हार पहनाती है। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिन शब्दों का प्रयोग किया है, अब बंगाल की जनता अपने वोट की चोट से उन्हें जवाब देगी।

भाजपा चीफ ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नैहाटी स्थित ‘बड़ो मां काली मंदिर’ में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश नवाया तथा देश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। यह पावन धाम पश्चिम बंगाल की समृद्ध आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक है, जहां मां काली के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत स्वरूप देखने को मिलता है। मां का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी


Show More
Back to top button