जयशंकर ने हंगरी की नई उप प्रधानमंत्री अनीता ओर्बान को दी बधाई, भारत-हंगरी रिश्ते मजबूत करने पर जोर


नई दिल्ली, 15 मई (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को अनीता ओर्बान को हंगरी की उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री बनने पर बधाई दी।

जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा, “भारत-हंगरी रिश्तों और भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए साथ काम करने का इंतजार है।”

अनीता ओर्बान ने 13 मई को हंगरी की उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री के रूप में शपथ ली।

ओर्बान ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा, “मेरा लक्ष्य साफ है, हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पूरी मजबूती, सम्मान और साफ सोच के साथ हंगरी के लोगों के हितों का प्रतिनिधित्व करना। मैं अपने साझेदार देशों के साथ मिलकर काम करने और यूरोप समेत दुनिया भर में हंगरी की आवाज को और मजबूत करने के लिए उत्साहित हूं।”

जुलाई 1974 में जन्मीं अनिता ओर्बान एक हंगेरियन वकील, राजनयिक और राजनेता हैं।

पीटर मग्यार ने 9 मई को हंगरी के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। नई संसद के पहले सत्र में संसदीय मतदान जीतने के बाद उन्होंने सिस्टम बदलने का वादा किया।

12 अप्रैल को हुए संसदीय चुनावों में मग्यार की टिस्जा पार्टी ने विक्टर ओर्बान के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ फिडेज-केडीएनपी गठबंधन को हराया। पार्टी ने 199 में से 141 सीटें जीतकर संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने 13 अप्रैल को पीटर मग्यार और उनकी टिस्जा पार्टी को चुनाव में बड़ी जीत के लिए बधाई दी। इसे हंगरी की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर लिखा, “पीटर मग्यार और टिस्जा पार्टी को शानदार चुनावी जीत पर दिल से बधाई। भारत और हंगरी के बीच गहरी दोस्ती, साझा मूल्य और आपसी सम्मान का मजबूत रिश्ता है। मैं दोनों देशों के सहयोग को मजबूत करने और भारत-यूरोपीय संघ रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का इंतजार कर रहा हूं, ताकि हमारे लोगों की खुशहाली और विकास सुनिश्चित हो सके।”

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Show More
Back to top button