ईरान का कतर पर हवाई हमला: इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे से एक बच्चे समेत तीन लोग घायल


दोहा, 12 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के बड़े हमलों के जवाब में ईरान ने रविवार को खाड़ी देशों को निशाना बनाया। जॉर्डन, कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान और यूएई पर ताबड़तोड़ हवाई हमले शुरू कर दिए। सभी देशों ने इस हमले की सख्त शब्दों में निंदा की है। इस बीच कतर के गृह मंत्रालय ने बताया है कि तीन लोग घायल हो गए हैं।

सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर इस हमले की जानकारी दी गई। कतर के गृह मंत्रालय के अनुसार, ईरानी हमलों के बाद सुरक्षा अधिकारियों और नागरिक सुरक्षा टीमों ने स्वीकृत आपातकालीन योजनाओं के अनुसार काम शुरू कर दिया है।

मंत्रालय के अनुसार हादसा इंटरसेप्शन के दौरान मलबा गिरने से हुआ। प्राप्त रिपोर्ट्स और मौके पर किए गए आकलनों के आधार पर मंत्रालय ने बताया कि “मलबा गिरने के कारण तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। यह मलबा इंटरसेप्शनअभियानों के दौरान गिरा। घायलों को आवश्यक चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है।”

वर्तमान हालात को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि वे जानकारी केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त करें और अफवाहों या अपुष्ट सूचनाओं, तस्वीरों या वीडियो क्लिप को साझा करने से बचें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।

मंत्रालय ने दावा किया कि सक्षम सुरक्षा अधिकारी चौबीसों घंटे पूरी तत्परता के साथ काम कर रहे हैं।

वहीं, ओमानी सरकार ने भी पुष्टि की है कि देश के मुसंदम गवर्नरेट में ड्रोन हमले हुए हैं। ओमान सरकार ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। हालांकि, हमले में किसी जनहानि या नुकसान की जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।

इससे पहले ईरान की आईआरजीसी ने दावा किया था कि उसने ओमान के दुक्म बंदरगाह पर अमेरिकी विमानवाहक पोतों के लॉजिस्टिक सपोर्ट सेंटर और ईंधन आपूर्ति ठिकानों पर बड़ा हमला किया है।

–आईएएनएस

केआर/


Show More
Back to top button