आईपीएल 2026: सुदर्शन-सुंदर ने जीटी को संकट से उबारा, एसआरएच को 169 रन का टारगेट


अहमदाबाद, 12 मई (आईएएनएस)। गुजरात टाइटंस ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 56वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के सामने जीत के लिए 169 रन का टारगेट रखा है। दोनों ही टीमें इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की टिकट को लगभग पक्का करना चाहेंगी।

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी गुजरात टाइटंस ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इस टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जीटी ने 26 के स्कोर तक कप्तान शुभमन गिल (5) और जोस बटलर (7) के विकेट गंवा दिए थे।

यहां से साईं सुदर्शन ने निशांत संधु के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 38 रन जुटाकर टीम को संभाला। निशांत 14 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुदर्शन ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ तीसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 60 रन की साझेदारी की।

सुदर्शन 44 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 2 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। टीम ने 124 के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया था, जिसके बाद जेसन होल्डर ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ 21 गेंदों में 40 रन जुटाकर जीटी को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी में वॉशिंगटन ने 33 गेंदों में 8 बाउंड्री के साथ 50 रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान पैट कमिंस ने 1 विकेट निकाला।

गुजरात टाइटंस 11 में से 7 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है। इस टीम का नेट रन रेट +0.228 है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने भी 11 में से 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट (+0.737) के कारण यह टीम दूसरे स्थान पर है।

पैट कमिंस की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, नितीश कुमार रेड्डी, स्मरण रविचंद्रन, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल हिंगे के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, कैगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button