आईपीएल 2026: आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर पर लगा मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना

रायपुर, 11 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हेड कोच एंडी फ्लावर पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। फ्लावर को रविवार को आरसीबी और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच खेले गए मुकाबले में कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का दोषी पाया गया है।
एंडी फ्लावर ने कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान ‘अभद्र भाषा’ से जुड़ा है। यह घटना आरसीबी की पारी के दौरान 17.2 ओवर में हुई, जब फ्लावर एक फैसले से नाखुश होने के बाद चौथे अंपायर से तीखी बहस करते हुए नजर आए। दरअसल, अल्लाह गजनफर की गेंद पर क्रुणाल ने वाइड लॉन्ग-ऑन की तरफ हवाई शॉट खेला। बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे नमन धीर ने कैच पकड़ा, लेकिन अपना बैलेंस बिगड़ने की आशंका के चलते उन्होंने गेंद को तिलक वर्मा की तरफ उछाल दिया। हालांकि, तिलक कैच को पूरा नहीं कर सके।
पहली नजर में ऐसा लगा कि कैच पकड़ने के प्रयास में नमन का पैर बाउंड्री रोप को छू गया, लेकिन रिप्ले में नमन बाउंड्री लाइन से दूर नजर आए। क्रुणाल को लगा कि यह गेंद छक्के के लिए जा रही है, और इसी कारण वह कोई रन भी नहीं भागे। हालांकि, अंपायर्स ने रिप्ले को देखने के बाद इसको सिक्स करार नहीं दिया। इसके बाद डगआउट में बैठे आरसीबी के कोच एंडी फ्लावर गुस्से से लाल हो गए, और वह सीधा चौथे अंपायर के पास पहुंचे। फ्लावर को चौथे अंपायर से गुस्से में बहस करते हुए देखा गया। फ्लावर ने अपनी गलती को मानते हुए जुर्माना स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, इसके बावजूद आरसीबी इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 2 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। एमआई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले में 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 166 रन लगाए। एमआई की ओर से तिलक वर्मा ने 57 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि नमन धीर ने 47 रनों का योगदान दिया।
आरसीबी ने एमआई से मिले 168 रनों के लक्ष्य को आखिरी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल किया। टीम की तरफ से क्रुणाल पांड्या ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 73 रनों की धमाकेदार पारी खेली। क्रुणाल ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, जैकब बेथेल ने 27 रनों का योगदान दिया। अंतिम ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जोरदार सिक्स लगाया और आखिरी गेंद पर रसिख सलाम और भुवनेश्वर ने 2 रन दौड़ते हुए आरसीबी को इस सीजन की सातवीं जीत दिलाई। भुवनेश्वर 2 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, उन्होंने गेंदबाजी में 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
–आईएएनएस
एसएम/एएस