हैनोवर मेस्से में 'चीन में निवेश करें' विशेष कार्यक्रम का आयोजन


बीजिंग, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी में आयोजित हैनोवर मेस्से 2026 के दौरान 20 अप्रैल को “चीन में निवेश करें” नामक एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर चीन और जर्मनी के प्रतिनिधियों ने उन्नत विनिर्माण, औद्योगिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्षेत्रीय सहयोग जैसे विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

सभी प्रतिभागियों ने इस बात पर सहमति जताई कि वर्तमान वैश्विक औद्योगिक परिदृश्य में हो रहे व्यापक परिवर्तनों के मद्देनजर, दोनों देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को और गहरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि “चीन में निवेश करना, भविष्य में निवेश करना है।”

चीन के वाणिज्य मंत्रालय के निवेश संवर्धन विभाग के उप-निदेशक यू क्वांगशंग ने कहा कि चीन बाहरी दुनिया के लिए अपने खुलेपन की नई प्रगति और उभरते अवसरों को सक्रिय रूप से प्रस्तुत करना चाहता है।

उन्होंने कहा कि चीन औद्योगिक सहयोग को निरंतर गहरा करने और विनिर्माण क्षेत्र के उन्नयन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके साथ ही, चीन दोतरफा निवेश का विस्तार करते हुए नवाचार संसाधनों के द्विपक्षीय प्रवाह को सुगम बनाने और अधिक व्यावहारिक तथा कुशल सहयोग नेटवर्क विकसित करने के लिए भी तैयार है।

हैम्बर्ग स्थित चीन के वाणिज्य दूतावास के सलाहकार वांग हाओ ने कहा कि हैनोवर मेस्से वैश्विक औद्योगिक प्रौद्योगिकी आदान-प्रदान तथा आर्थिक और व्यापारिक सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने बताया कि “चीन में निवेश करें” विषय कई वर्षों से इस मेले का प्रमुख आकर्षण रहा है और यह चीन-जर्मनी आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग का एक महत्वपूर्ण प्रतीक बन चुका है।

जर्मनी की इनोक रोबोटिक्स कंपनी के कार्यकारी अधिकारी डैनियल ब्रांट ने कहा कि चीन ने अपनी “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026-2030) में मानव-जैसे रोबोटों और अन्य उत्पादों के उन्नयन तथा उनके अनुप्रयोग में तेजी लाने को शामिल किया है। इससे उन्हें चीन के कृत्रिम बुद्धिमत्ता उद्योग के विकास की संभावनाओं को लेकर काफी आशावाद मिला है।

गौरतलब है कि वर्ष 1947 में स्थापित हैनोवर मेस्से दुनिया के सबसे प्रभावशाली औद्योगिक प्रौद्योगिकी व्यापार मेलों में से एक है। इस वर्ष का आयोजन 20 से 24 अप्रैल तक किया जा रहा है, जिसमें 50 से अधिक देशों और क्षेत्रों के लगभग 2,900 प्रदर्शक भाग ले रहे हैं। इनमें चीन के लगभग 700 प्रदर्शक शामिल हैं।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Show More
Back to top button