भारत का मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई जुलाई में 53.5 पर रहा, मांग रही मजबूत


नई दिल्ली, 3 जुलाई (आईएएनएस)। भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गतिविधियां मजबूत रही हैं और इस कारण जुलाई में पीएमआई 53.5 रहा है, हालांकि, वृद्धि की रफ्तार में कमी आने के कारण यह जून के 54.2 से कम है। यह जानकारी एचएसबीसी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई सर्वेक्षण में सोमवार को दी गई।

एसएंडपी ग्लोबल द्वारा संकलित किए गए एचएसबीसी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई डेटा में बताया गया कि भारत में मैन्युफैक्चरर्स को मांग से लगातार फायदा हो रहा है और नए ऑर्डर आउटपुट ग्रोथ को बढ़ा रहे हैं। हालांकि, कुछ पैमानों पर ग्रोथ फिर से धीमी हो गई,जिसमें कुल बिक्री, इनपुट की खरीद और रोजगार आदि शामिल हैं।

जब भी पीएमआई 50 से ऊपर होता है, तो यह वृद्धि को दिखाता है।

पीएमआई सर्वेक्षण में सकारात्मक पहलू नए निर्यात ऑर्डर में तेज वृद्धि होना था। इसके अलावा, बिजनेस को लेकर उम्मीदों में थोड़ी रिकवरी हुई। ऑपरेटिंग खर्च और बढ़े (खासकर ट्रांसपोर्टेशन में) लेकिन लागत में बढ़ोतरी की कुल दर घटकर पांच महीने के निचले स्तर पर आ गई। इस कारण आउटपुट चार्ज में भी मामूली बढ़ोतरी हुई।

एचएसबीसी की चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट प्रांजुल भंडारी ने कहा, “जुलाई में आपूर्तिकर्ताओं के डिलीवरी टाइम का इंडेक्स बढ़ा, जो एक अच्छा संकेत है कि सप्लाई चेन में होने वाली देरी कम हो रही है। हालांकि, मध्य पूर्व में फिर से बढ़े तनाव ने इस बात पर नए शक पैदा कर दिए हैं कि ये सुधार कितने लंबे समय तक टिकेंगे। इसके जवाब में, मैन्युफैक्चरर्स बफर फिर से बना रहे हैं। इससे खरीद की मात्रा बढ़ने के साथ-साथ इनपुट और तैयार माल, दोनों की इन्वेंट्री में बढ़ोतरी हुई है, जिससे पता चलता है कि कंपनियां आपूर्ति सुरक्षित कर रही हैं और संभावित रुकावटों के जोखिम को कम कर रही हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि आउटपुट और नए निर्यात ऑर्डर में मजबूती आई, जो मजबूत मांग का संकेत है, खासकर विदेशी बाजारों से। जुलाई में कीमतों का दबाव भी बदला है इनपुट लागत में महंगाई कम हुई, लेकिन आउटपुट कीमतों में महंगाई बढ़ी, जिससे पता चलता है कि कंपनियां अपने मार्जिन को बचाने के लिए एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं।”

सर्वेक्षण में बताया गया कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को कनाडा, मिस्र, इंडोनेशिया, केन्या, नेपाल, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और यूएई से निर्यात ऑर्डर्स में वृद्धि हुई है।

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button