मध्य पूर्व में तनाव से भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में खुला, फाइनेंशियल स्टॉक्स पर दबाव


मुंबई, 20 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के चलते भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में खुला। सुबह 9:15 पर सेंसेक्स 472 अंक या 0.62 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 77,672 और निफ्टी 122 अंक 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,221 पर था।

शुरुआती कारोबार में बाजार में बिकावाली का नेतृत्व वितीय शेयर कर रहे थे। निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी फाइनेंसियल सर्विस सबसे ज्यादा गिरने वाले सूचकांक थे। निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी इंडिया डिफेंस लाल निशान में थे।

निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी फार्मा, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी मेटल, निफ्टी ऑयलएंडगैस, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी एनर्जी और निफ्टी इन्फ्रा हरे निशान में थे।

छोटे और मझोले शेयरों में एक सीमित दायरे में कारोबार हो रहा है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स सपाट 62,424 पर और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 10 अंक की मामूली गिरावट के साथ 19,287 पर था।

सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, रिलयांस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, ट्रेंट, टाटा स्टील, सन फार्मा, एनटीपीसी, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी गेनर्स थे। एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, इटरनल, एमएंडएम, एचयूएल, टीसीएल, एमएंडएम, बीईएल और बजाज फिनसर्व लूजर्स थे।

भारतीय बाजारों के लाल निशान में खुलने की वजह मध्य पूर्व में तनाव को माना जा रहा है। अमेरिका लगातार ईरान पर स्ट्राइक कर रहा है, जिससे हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं, जो कि दुनिया में निर्यात होने वाले 20 प्रतिशत कच्चे तेल का एक अहम रास्ता है।

यूएस सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा कि उसने “हमलों का एक नया दौर” शुरू किया है, जिसका मकसद स्ट्रेट के अहम शिपिंग रास्तों पर कमर्शियल जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को “कमजोर” करना है।

वहीं, ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि अमेरिका ने मिसाइलों के द्वारा कुछ ईरानी शहरों निशाना बनाया है।

वैश्विक बाजारों में मिलाजुला कारोबार हो रहा है। शंघाई, हांगकांग और जकार्ता हरे निशान में थे। वहीं, बैंकॉक और सोल लाल निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुआ। मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.77 प्रतिशत की कमजोरी के साथ और नैस्डैक 1.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ।

–आईएएनएस

एबीएस


Show More
Back to top button