भारत को ग्रुप के सभी मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे, नेट रन रेट निर्णायक: अभिषेक नायर

नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ ‘हाई-वोल्टेज मैच’ के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। भारत के पूर्व असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर का कहना है कि टीम को सिर्फ मैच जीतने पर ही ध्यान नहीं देना चाहिए। इंग्लैंड के मौसम का कोई भरोसा नहीं होता और यह कभी भी टूर्नामेंट का रुख बदल सकता है, इसलिए नायर ने सुझाव दिया कि भारत को ग्रुप स्टेज में बाद में होने वाली दिक्कतों से बचने के लिए शुरुआत में ही बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
नवंबर 2025 में वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम टी20 वर्ल्ड कप में प्रबल दावेदारों में से एक के तौर पर उतर रही है। हालांकि, नॉकआउट स्टेज के लिए क्वालीफाई करना उनका पहला लक्ष्य है, लेकिन नायर ने इस बात पर जोर दिया कि बारिश से प्रभावित टूर्नामेंट में नेट रन रेट एक निर्णायक फैक्टर हो सकता है।
नायर ने ‘जियोस्टार’ से कहा, “भारत को मौसम का ध्यान रखना होगा। इंग्लैंड में खेलते समय बारिश हमेशा एक अहम फैक्टर होती है। मैच छोटे हो सकते हैं या बारिश की वजह से रद्द हो सकते हैं। इसलिए, वे सिर्फ जीतने का लक्ष्य नहीं रख सकते। उन्हें बड़े अंतर से जीतना होगा। नेट रन रेट यह तय कर सकता है कि कौन आगे बढ़ेगा। इसका मतलब है कि भारत को पहले बैटिंग करनी होगी, बड़ा स्कोर बनाना होगा, विरोधी टीमों को कम स्कोर पर आउट करना होगा और मैच जल्दी खत्म करने होंगे।”
उन्होंने कहा, “आप चाहेंगे कि बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप के आखिरी दो मुकाबलों में उतरने से पहले ही आपका क्वालिफिकेशन लगभग पक्का हो जाए। हां, वे मजबूत टीमें हैं। आप उन्हें हल्के में नहीं ले सकते, लेकिन आप नहीं चाहेंगे कि उन मुकाबलों में क्वालीफाई करने के लिए आपको जीत की जरूरत पड़े। इसलिए, भारत को ग्रुप स्टेज के सभी मैच बड़े अंतर से जीतने की कोशिश करनी चाहिए ताकि सेमीफाइनल तक का सफर सुरक्षित और तनाव-मुक्त रहे।”
भारत के पूर्व ऑलराउंडर ने बताया कि मजबूत शुरुआत से हरमनप्रीत कौर की टीम को ग्रुप स्टेज के बाद के मैचों में ज्यादा आजादी के साथ खेलने का मौका मिलेगा। रणनीतिक बातों के अलावा, नायर ने टूर्नामेंट की प्रबल दावेदारों में से एक होने के कारण भारत पर पड़ने वाले दबाव के बारे में भी बात की। हालांकि, उनका तर्क है कि जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, तो यह बोझ उनके प्रतिद्वंद्वियों, खासकर पाकिस्तान पर ज्यादा हो सकता है।
नायर ने कहा, “भारत की तुलना में पाकिस्तान पर जीतने का दबाव ज्यादा है। महिला क्रिकेट में भारत स्किल और टीम की मजबूती के मामले में बहुत आगे है। भारत इस टूर्नामेंट में फेवरेट के तौर पर उतर रहा है और हर कोई उन्हें इसी नजरिए से देख रहा है। पाकिस्तान के पास कुछ टैलेंटेड खिलाड़ी हैं, लेकिन उनमें गहराई और निरंतरता की कमी है। उनकी बैटिंग कुछ ही खिलाड़ियों पर बहुत ज्यादा निर्भर करती है और दबाव में उनकी बॉलिंग में उतार-चढ़ाव आ सकता है। इसीलिए इस मैच में भारत को फायदा मिलेगा।”
–आईएएनएस
आरएसजी