विकसित भारत की ओर बढ़ते भारत-फ्रांस संबंध, सह-नवाचार के नए अवसर खोल रही साझेदारी: पीयूष गोयल


नई दिल्ली, 15 जून (आईएएनएस)। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि जैसे-जैसे भारत ‘विकसित भारत’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, फ्रांस के साथ उसकी साझेदारी सह-नवाचार (को-इनोवेशन) और तकनीकी प्रगति के नए अवसरों के द्वार खोल रही है। साथ ही यह ऐसी तकनीकों और समाधानों को बढ़ावा दे रही है, जो केवल दोनों देशों ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए लाभदायक साबित होंगी।

उन्होंने फ्रांस के नीस शहर में एक “प्रोडक्टिव दिन” का समापन करते हुए नीस के मेयर एरिक सियोटी की मौजूदगी में सरकार, उद्योग, नवाचार और निवेश जगत के प्रमुख नेताओं के साथ एक रात्रिभोज का आयोजन किया।

गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष की पृष्ठभूमि में यह शाम विचारों के आदान-प्रदान और व्यापार, प्रौद्योगिकी तथा उभरते क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसर तलाशने का एक बेहतरीन मंच साबित हुई।”

इस बीच सरकार ने कहा कि भारत का ‘विकसित भारत 2047’ का विजन और फ्रांस का ‘फ्रांस 2030’ मिशन भविष्य-केंद्रित नवाचार साझेदारी को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इससे नई और विघटनकारी तकनीकों में निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे।

इसी उद्देश्य से भारत और फ्रांस ने इंडिया-फ्रांस इनोवेशन रोडमैप 2030 को अपनाने का फैसला किया है। यह रोडमैप दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण और उभरती तकनीकों के सह-विकास, भरोसेमंद तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, शिक्षा एवं अनुसंधान क्षेत्र में गतिशीलता बढ़ाने तथा लोगों, पर्यावरण और साझा समृद्धि के लिए ठोस परिणाम हासिल करने का मार्गदर्शन करेगा।

भारत और फ्रांस नवाचार को आर्थिक मजबूती, सतत विकास, रणनीतिक स्वायत्तता और तकनीकी एवं औद्योगिक संप्रभुता का प्रमुख आधार मानते हैं।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों देशों का मानना है कि मजबूत नवाचार साझेदारी से उनकी पूरी नवाचार क्षमता का उपयोग हो सकेगा और वैश्विक चुनौतियों के समाधान खोजने में भी मदद मिलेगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के लिए रवाना हो गए और फ्रांस यात्रा के पहले चरण का समापन हुआ।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “नीस, फ्रांस की सफल यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रातिस्लावा के लिए रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान नवाचार और भविष्य की तकनीकों पर विशेष ध्यान देते हुए कई द्विपक्षीय समझौते हुए।”

रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता की थी, जिसमें दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “आज मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों के साथ हुई बातचीत बेहद सफल रही। हमारे देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मित्रतापूर्ण संबंधों को देखते हुए हमने अपने रिश्तों को ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने का निर्णय लिया है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारी बातचीत में रक्षा, प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी सहयोग, नवाचार और कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।”

–आईएएनएस

डीबीपी


Show More
Back to top button