तेज गेंदबाजी में कई विकल्पों का होना बांग्लादेश क्रिकेट के लिए अच्छा है: लिटन दास

चटगांव, 16 जून (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में 2-1 से हराने के बाद बांग्लादेश की नजर कंगारू टीम को टी20 सीरीज में पटखनी देने पर है। बांग्लादेश वनडे सीरीज के बाद ऑस्ट्रेलिया की 3 वनडे मैचों की सीरीज में मेजबानी कर रहा है। वनडे के बाद बांग्लादेश की नजर टी20 सीरीज जीतने पर है। सीरीज का पहला मैच बुधवार को खेला जाना है।
टी20 सीरीज से पहले बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने कहा है कि हमारे पास तेज गेंदबाजी में कई विकल्प हैं, जो हमारे लिए एक अच्छी चिंता है और हम इस चिंता से निपटने को लेकर खुश हैं।
लिटन ने कहा, “विकल्पों का होना टीम को मजबूती देता है। आप अपनी प्लेइंग इलेवन में किसी भी खिलाड़ी को चुन सकते हैं। यह एक स्वस्थ प्रतियोगिता है। यह बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए अच्छा है। तस्कीन और फिज बड़े नाम हैं। उन्हें पिछली टी20 सीरीज में आराम दिया गया था। वे इस सीरीज में वापस आ गए हैं। हम अपनी पूरी ताकत के साथ उतरेंगे।”
उन्होंने, “शोरिफुल भी हमारे प्राथमिक गेंदबाज हैं। लेकिन हम प्लेइंग इलेवन में तीन से ज्यादा गेंदबाज नहीं खिला सकते। आजकल हमारे पास टेस्ट, वनडे और टी20 में बहुत सारे तेज गेंदबाजी विकल्प हैं। किसी न किसी को बाहर बैठना पड़ता है। अच्छा यह है कि जो लोग टीम में आ रहे हैं, वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”
बांग्लादेश के कप्तान ने कहा, “मुझे लगता है कि बांग्लादेश क्रिकेट के लिए कुछ बड़े गेंदबाज का सीरीज में होना रोमांचक है। हमने 2021 में जिन हालातों का सामना किया था, उनसे अलग हालात देखे हैं। मुझे लगता है कि यह क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा है। हम दक्षिण अफ्रीका में 2027 वर्ल्ड कप का इंतजार कर रहे हैं।”
बांग्लादेश ने तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान और नाहिद राणा को टी20 टीम में जगह दी है। इन गेंदबाजों को अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली टी20 सीरीज में आराम दिया गया था। शोरीफुल इस्लाम, जिन्होंने ढाका में तीसरे वनडे में 48 रन देकर 6 विकेट लेकर अपने करियर का श्रेष्ठ प्रदर्शन किया था, उन्हें भी टीम में शामिल किया गया है। अनकैप्ड ऑलराउंडर अब्दुल गफ्फार सकलैन भी हैं। लिटन को अब इन पांच पेस बॉलिंग ऑप्शन में से तीन चुनने हैं।
बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को वनडे सीरीज में हराकर इतिहास रचा था। बांग्लादेश की यह ऑस्ट्रेलिया पर पहली वनडे सीरीज जीत थी। बांग्लादेश टी20 सीरीज में भी ऑस्ट्रेलिया को पछाड़ने की कोशिश करेगी।
–आईएएनएस
पीएके