सोनम कपूर के घर गूंजी दूसरी बार किलकारी, बेटे का रखा यह बेहद खास नाम

मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री सोनम कपूर इन दिनों दूसरी बार मां बनने के सुख को इंजॉय कर रही हैं। बेटे के जन्म के बाद से ही हर कोई उसका नाम जानने के लिए उत्सुक था। अभिनेत्री ने शनिवार को छोटे बेटे का नाम रिवील किया।
सोनम कपूर ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें वे पति आनंद आहूजा और दोनों बच्चों के साथ नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने छोटे बेटे का नाम रुद्रलोक कपूर आहूजा रखा है। अभिनेत्री ने लिखा, “उस दिव्य शक्ति की भावना में जिसने एक बार फिर हमारी जिंदगी को खूबसूरती से बदल दिया है। एकादशी के पवित्र दिन, भगवान विष्णु की कृपा से जन्मे हमारे दूसरे बेटे को हम एक खास आशीर्वाद मानते हैं, जैसे वह अपने बड़े भाई के साथ एक सुंदर और दिव्य जुड़ाव लेकर आया हो। रुद्रलोक कपूर आहूजा का बहुत प्यार और आभार के साथ हम स्वागत करते हैं।”
उन्होंने अपने बेटे के नाम का अर्थ समझाते हुए लिखा, “वेदों में ‘रुद्र’ का अर्थ शक्तिशाली और साहसी होता है। वह शक्ति जो दुखों को दूर करती है और नई ऊर्जा, उपचार और बदलाव का प्रतीक है।”
उन्होंने अपने बेटे के नाम का संबंध बड़े बेटे से जोड़ा। अभिनेत्री ने लिखा, “रुद्र का संबंध वायु से भी माना जाता है, यानी उस जीवन शक्ति से जो हर जीव में बहती है। हमारे बड़े बेटे का नाम वायु कपूर आहूजा है, जो जीवन और संरक्षण का प्रतीक है।”
अभिनेत्री ने आगे लिखा, “अब रुद्र के आने से ऐसा लगता है जैसे हमारी जिंदगी में एक सुंदर संतुलन पूरा हो गया हो। शक्ति और शांति, संरक्षण और परिवर्तन, दोनों साथ-साथ। हम दुआ करते हैं कि अपने नाम की तरह रुद्र भी निडर, दयालु, समझदार और उजाला फैलाने वाला बने। आप सभी के प्यार और आशीर्वाद के लिए दिल से धन्यवाद- सोनम कपूर, आनंद अहूजा, वायु कपूर अहूजा और रुद्रलोक कपूर अहूजा।”
सोनम के पोस्ट करने के बाद उनके दोस्त और साथी कलाकारों ने तुरंत प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। कई यूजर्स ने इमोजी शेयर कर कमेंट सेक्शन पर प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री सोफी चौधरी ने लिखा, “आपको बहुत सारा प्यार और शुभकामनाएं।”
–आईएएनएस
एनएस/वीसी