कलाधाम सोसायटी में बच्चे की मौत मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तीन अधिकारियों पर गिरी गाज


ग्रेटर नोएडा, 26 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र की कलाधाम सोसायटी में 6 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में लापरवाही सामने आने के बाद प्राधिकरण के तीन अधिकारियों को उनके सभी दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कार्रवाई की जद में प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक आए हैं। तीनों अधिकारियों को फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने यह कार्रवाई की है। प्रबंधक और सहायक प्रबंधक के निलंबन के साथ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है। वहीं वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को भेजी गई है।

इस मामले में ठेकेदार, सुपरवाइजर और तकनीकी सुपरवाइजर के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।

ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसायटी में प्राधिकरण की ओर से बोरिंग के लिए खोदे गए करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। इसी पानी में डूबने से 6 वर्षीय अव्यान सूर्या की मौत हो गई थी।

अव्यान शनिवार शाम करीब 7 बजे सोसायटी में एक अन्य बच्चे संग खेल रहा था। खेलते-खेलते पैर फिसलने से अव्यान पानी में गिर गया। साथ खेल रहे बच्चे ने शोर मचाया। इसके बाद लोग मदद के लिए गए और काफी प्रयास के बाद बच्चे को निकाला जा सका। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अव्यान के पिता सीवान यादव केंद्रीय विद्यालय, रोहिणी में उप प्रधानाचार्य हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।

घटना के बाद नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। देर रात परिजनों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को शिकायत दी थी।

प्राधिकरण की ओर से अब अधिकारियों पर की गई कार्रवाई को हादसे में जिम्मेदारी तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Show More
Back to top button