सरकार महिला विरोधी, 543 सीटों पर लागू करे महिला आरक्षणः अजय राय

लखनऊ, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा और आप पर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने सरकार को महिला विरोधी करार दिया है।
अजय राय ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “2023 में सर्वसम्मति से कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक पास कराया था। हमारी मांग है कि 543 सीटों पर महिला आरक्षण लागू करें। महिला आरक्षण के नाम पर वे परिसीमन विधेयक लाने की कोशिश कर रहे थे। भाजपा महिला विरोधी है।”
राघव चड्ढा सहित 7 राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर अजय राय ने कहा, “पूरी आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार में लिप्त है, और भाजपा और उनके बीच गठबंधन है। वह आपस में मिलकर काम करते हैं।”
इसके पहले अजय राय ने कहा था, “महिला आरक्षण बिल के नाम पर भाजपा केवल झूठ फैला रही है, जबकि महिलाओं का असली सम्मान कांग्रेस पार्टी ही करती है। प्रधानमंत्री महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात नहीं कर सकते हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। हमारी नेता सोनिया गांधी ने महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा दिया। देश की पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार, पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा देवी पाटिल, और सोनिया गांधी जैसी महिलाएं कांग्रेस की देन हैं।”
उन्होंने भाजपा पर सहयोगी दलों को खत्म करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां-जहां भाजपा की सरकार बनी, उसने अपने सहयोगी दलों को तबाह कर दिया। महाराष्ट्र में शिवसेना को तोड़ा, एकनाथ शिंदे को पहले सीएम बनाया फिर उपमुख्यमंत्री बनाकर पूरी पार्टी पर कब्जा कर लिया। बिहार में नीतीश कुमार की जदयू को कमजोर कर उन्हें दिल्ली भेज दिया और सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बना दिया। ओडिशा में नवीन पटनायक का समर्थन किया और अंत में उन्हें राजनीति से अलग-थलग कर दिया। भाजपा जहां भी जाती है, अपने सहयोगियों को बर्बाद कर देती है।
वहीं, गाजीपुर के कटारिया इलाके में एक नाबालिग की मौत पर कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा, “यह एक बेहद दुखद घटना है। राज्य में लड़कियों के खिलाफ जिस तरह की घटनाएं हो रही हैं, उससे सरकार पर सवाल उठते हैं।”
–आईएएनएस
ओपी/डीकेपी