चंदा विवाद पर कार्रवाई करने से बच रही सरकार, एसआईटी सिर्फ दिखावा: अजय राय

लखनऊ, 19 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सीएम योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर चंदा विवाद मामले की जांच के लिए एसआईटी सिर्फ दिखावा है। लोगों को गुमराह किया जा रहा है। अगर सीएम सच में कार्रवाई करना चाहते हैं तो नृपेंद्र मिश्रा, चंपत राय पर कार्रवाई क्यों नहीं करते हैं।
लखनऊ में यूपी कांग्रेस चीफ ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या तब गए, जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उनसे पहले चले गए थे। मैं कल वहां गया था, हनुमानगढ़ी के दर्शन किए, और भगवान राम की पूजा-अर्चना की। जब मुख्यमंत्री को पता चला कि कांग्रेस वहां पहुंच गई है, तभी योगी आदित्यनाथ आज वहां पहुंचे हैं। सवाल यह है कि पहले क्यों नहीं गए। वे राज्य के मुखिया हैं, और आपकी पूरी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल खानापूर्ति करने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्रस्ट के लोगों ने मंदिर का चंदा लूटा है, लेकिन सीएम उन पर कार्रवाई नहीं करेंगे। एसआईआटी केवल दिखावा है, लोगों को गुमराह करने का काम किया जा रहा है।
दूसरी ओर, अजय राय ने लखनऊ के मोतीनगर, ऐशबाग स्थित ‘श्रीमद् दयानंद बाल सदन अनाथालय’ पहुंचकर वहां रह रहे मासूम बच्चों के साथ राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। बच्चों के बीच केक काटा गया, मिठाइयां बांटी गईं और उनके साथ ढेर सारा वक्त बिताया गया।
उन्होंने कहा कि राजनीति का असली अर्थ सत्ता नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करना और मासूम चेहरों पर मुस्कान लाना है। यही विचार राहुल गांधी के जीवन का मूलमंत्र है। आज इन बच्चों की आंखों में जो खुशी और चेहरों पर जो मुस्कान दिखी, वही हमारे नेता के लिए जन्मदिन का सबसे सुंदर और अनमोल उपहार है। कांग्रेस पार्टी देश के हर बच्चे के सुनहरे, सुरक्षित और खुशहाल भविष्य के लिए सदैव संकल्पित है।
वाराणसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाने और उनके जन्मदिन पर उनका दूध से अभिषेक करने पर अजय राय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान किया है। जहां भी दमन और अन्याय हो रहा है, वहां वे एक सेवक के तौर पर परशुराम की तरह परसा लेकर खड़े हैं। हर एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आम आदमी से लेकर किसान की आवाज को उठा रहे हैं। अत्याचार के खिलाफ राहुल गांधी ने फरसा उठाया हुआ है, संविधान भी साथ में है। देश राहुल गांधी के साथ है।
–आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी