गौरव गेरा ने बताया वायरल डायलॉग का सच, आदित्य धर के पिटारे से निकले ये अतरंगी ऑप्शन


मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। अभिनेता गौरव गेरा इन दिनों ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की दोनों फिल्मों की सफलता का आनंद ले रहे हैं। फिल्म की रिलीज के बाद से ही उनके डायलॉग्स सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। खासकर उनके संवाद ‘डार्लिंग डार्लिंग, दिल क्यों तोड़ा’ दर्शकों की जुबान पर चढ़ गया है।

मंगलवार को गौरव ने इस मशहूर डायलॉग्स के पीछे की एक दिलचस्प कहानी प्रशंसकों के साथ शेयर की और बताया कि इसे फाइनल करने से पहले निर्देशक आदित्य धर ने उन्हें कई अन्य मजेदार विकल्प दिए थे।

गौरव ने इंस्टाग्राम पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें उन्होंने फिल्म की तैयारी के दौरान निर्देशक आदित्य धर द्वारा भेजे गए डायलॉग्स की सूची भी दी। इन विकल्पों में तुकबंदी और कॉमेडी का जबरदस्त तड़का देखने को मिला।

गौरव ने पोस्ट में बताया कि वायरल डायलॉग का पूरा श्रेय आदित्य धर को ही जाता है। गौरव द्वारा शेयर लिस्ट में कई अतरंगी तुकबंदी शामिल हैं। गौरव के स्क्रीनशॉट्स में लिखा, “‘एक ने किया दिल ब्रेक, तो दूसरी को पिलाओ आलम फ्रूट शेक’ , ‘हो गए इश्क में फेल, पियो पिस्टल पाइनएप्पल,’ ‘अंडे से निकला चूजा, खा लो खा लो क्रीम खरबूजा,’ ‘पियो आंवला का मामला, बन जाओ जूही चावला।'”

गौरव ने अपनी पोस्ट में स्पष्ट करते हुए लिखा, “लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि ‘डार्लिंग डार्लिंग, दिल क्यों तोड़ा’ किसने सोचा था। आदित्य धर ने शूट से पहले मुझे ये विकल्प भेजे थे, ताकि मैं सीख सकूं, लेकिन शूट के समय हमने सिर्फ ‘डार्लिंग डार्लिंग’ ही किया। आपको इनमें से कौन सा सबसे अच्छा लगता है?”

‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर 2’ में गौरव गेरा ने ‘मोहम्मद आलम’ (आलम भाई) के किरदार में अपने अभिनय से सबको हैरान कर दिया। उनके जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन और संजीदा अभिनय ने उन्हें एक कमीडियन से गंभीर अभिनेता के रूप में स्थापित किया। फिल्म में उनके डायलॉग्स और रणवीर सिंह के साथ केमिस्ट्री की काफी तारीफ हो रही है।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Show More
Back to top button