क्रिप्टो फर्म कॉइनबेस ने एआई के चलते 14 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी का किया ऐलान

नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। क्रिप्टो एक्सचेंज कॉइनबेस ने मंगलवार को कहा कि वह अपने 14 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी कर रहा है, क्योंकि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) लोगों के काम करने के तरीके को तेजी से बदल रहा है और कंपनी खुद को अधिक लीन, तेज और एआई-आधारित बनाना चाहती है।
कंपनी ने कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को उनके पर्सनल ईमेल पर विस्तृत जानकारी भेजी जाएगी, जिसमें उन्हें एचआरबीपी और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
कॉइनबेस के सीईओ ब्रायन आर्मस्ट्रांग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आज मैंने कॉइनबेस के आकार को 14 प्रतिशत तक कम करने का कठिन फैसला लिया है। दो बड़ी चुनौतियां एक साथ सामने हैं और हमें दोनों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।”
उन्होंने बताया कि कंपनी ने सुरक्षा कारणों से कर्मचारियों की सिस्टम एक्सेस तुरंत हटा दी है।
उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि यह फैसला अचानक और कठोर लग सकता है, लेकिन ग्राहकों की जानकारी की सुरक्षा के लिए यह जरूरी कदम है।
सीईओ ने कहा कि पहला कारण बाजार की स्थिति है। उन्होंने बताया कि कॉइनबेस अच्छी तरह से पूंजीकृत है, इसके पास विविध आय स्रोत हैं और यह किसी भी आर्थिक चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
हालांकि, उन्होंने माना कि कंपनी का कारोबार तिमाही दर तिमाही उतार-चढ़ाव वाला रहता है। आर्मस्ट्रांग ने कहा, “हम इस चक्रीय स्थिति से पहले भी निकलकर मजबूत हुए हैं, लेकिन फिलहाल बाजार कमजोर है और हमें अपनी लागत संरचना में बदलाव करना होगा, ताकि हम अगले विकास चरण के लिए ज्यादा मजबूत बन सकें।”
उन्होंने दूसरा बड़ा कारण एआई को बताया। उन्होंने कहा, “पिछले एक साल में मैंने देखा है कि इंजीनियर एआई की मदद से वह काम कुछ दिनों में कर रहे हैं, जो पहले हफ्तों में होता था। नॉन-टेक्निकल टीमें भी अब प्रोडक्शन कोड बना रही हैं और कई प्रक्रियाएं ऑटोमेट हो रही हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि छोटे और फोकस्ड टीम के साथ काम करने की क्षमता तेजी से बढ़ी है और यह बदलाव लगातार तेज हो रहा है।
आर्मस्ट्रांग ने कहा कि कंपनी जानबूझकर और समय रहते बदलाव कर रही है, ताकि कॉइनबेस को एक लीन, तेज और एआई-आधारित कंपनी के रूप में फिर से तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा, “हमें अपनी स्टार्टअप वाली गति और फोकस पर लौटना होगा, जिसमें एआई केंद्र में हो।”
अमेरिका में काम करने वाले कर्मचारियों को कम से कम 16 सप्ताह का बेस पे (साथ ही हर साल के हिसाब से अतिरिक्त 2 सप्ताह), अगला इक्विटी वेस्टिंग और 6 महीने तक कोबरा बेनिफिट्स दिए जाएंगे।
वर्क वीजा पर काम करने वाले कर्मचारियों को अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। वहीं, अमेरिका के बाहर के कर्मचारियों को भी स्थानीय नियमों के अनुसार इसी तरह का सपोर्ट मिलेगा।
–आईएएनएस
डीबीपी