मोंटाना में परिवार संग सुकून भरे पल बिता रहीं फ्रीडा पिंटो, बोलीं- 'यही है गर्मियों का असली जादू'

मुंबई, 10 जून (आईएएनएस)। हॉलीवुड में अपनी खास पहचान बना चुकी भारतीय अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो इन दिनों अमेरिका के खूबसूरत राज्य मोंटाना में गर्मियों की छुट्टियों का लुत्फ उठा रही हैं, जिसकी झलक उन्होने सोशल मीडिया पर शेयर की।
फ्रीडा पिंटो ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। इनमें उनके पति कोरी ट्रान और बेटे रूमी-रे भी नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में परिवार कभी खुले मैदानों में घूमता दिख रहा है, तो कभी प्रकृति के बीच आरामदायक पल बिताता दिखाई दे रहा है। अभिनेत्री ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी से कुछ समय दूर रहकर अपने सबसे करीब लोगों के साथ समय बिताना उनके लिए बेहद खास रहा।
पोस्ट के कैप्शन में फ्रीडा ने लिखा, ”मोंटाना में गर्मियों का असली जादू है। जीवन में कई बार ऐसा समय आता है जब इंसान को सिर्फ शांति, अपनापन और प्रकृति की जरूरत होती है। दोस्तों और परिवार के साथ बिताए गए ये पल दिल और आत्मा को नई ऊर्जा देने वाले रहे।”
बता दें कि फ्रीडा पिंटो का नाम आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जाता है, लेकिन उन्हें सबसे बड़ी पहचान साल 2008 में आई फिल्म ‘स्लमडॉग मिलियनेयर’ से मिली थी। इस फिल्म ने दुनिया भर में बड़ी सफलता हासिल की थी और फ्रीडा रातोंरात चर्चित चेहरा बन गई थीं। इस फिल्म के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में काम करती रहीं।
अपने करियर के दौरान फ्रीडा ने कई अलग-अलग तरह की फिल्मों में काम किया है। वह ‘मिरल’, ‘तृष्णा’ और ‘डेजर्ट डांसर’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इन फिल्मों में उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी।
इसके अलावा फ्रीडा ने साइंस फिक्शन फिल्म ‘राइज ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’ में भी काम किया। वहीं फैंटेसी और एक्शन से भरपूर ‘इम्मोर्टल्स’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा ‘लव सोनिया’, ‘हिलबिली एलेजी’ और ‘मिस्टर मैल्कम्स लिस्ट’ जैसी फिल्मों में भी उनके काम को सराहा गया।
फिल्मों के साथ-साथ फ्रीडा ने छोटे पर्दे पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वह टीवी मिनी सीरीज ‘गुरिल्ला’ में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने ‘द पाथ’ नाम की चर्चित सीरीज में भी काम किया।
–आईएएनएस
पीके/एएस