पूर्व भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर 'एलपीएल' में डेब्यू के लिए तैयार


कोलंबो, 2 जून (आईएएनएस)। भारतीय ऑलराउंडर विजय शंकर को लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2026 में ‘कैंडी रॉयल्स’ ने साइन किया है। विजय शंकर इस सीजन एलपीएल में खेलने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बनने के लिए तैयार हैं। सभी फ्रेंचाइजी ने टूर्नामेंट के छठे सीजन के लिए अपनी टीमें पूरी कर ली हैं।

लंका प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 17 जुलाई से 8 अगस्त तक होगा। इस सीजन एससी जाफना किंग्स, कैंडी रॉयल्स, कोलंबो कैप्स, दांबुला सिक्सर्स और गाले गैलेंट्स डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में एक-दूसरे से भिड़ेंगे, जिसके बाद प्लेऑफ खेले जाएंगे।

इस ड्राफ्ट में सभी 5 फ्रेंचाइजी ने जाने-माने इंटरनेशनल सितारों, उभरते हुए विदेशी टैलेंट और श्रीलंका के शीर्ष क्रिकेटर्स के मिश्रण से अपनी टीमों को मजबूत किया है, जिससे लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धी सीजन में से एक के लिए मंच तैयार हो गया है।

भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए चर्चा का सबसे बड़ा विषय विजय शंकर की भागीदारी होगी, जिन्होंने वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। यह अनुभवी ऑलराउंडर कैंडी रॉयल्स की मजबूत टीम में शामिल हो गया है, जिसमें मोईन अली, वानिंदु हसरंगा और एंजेलो मैथ्यूज जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। रॉयल्स ने ड्राफ्ट के जरिए रहमानुल्लाह गुरबाज, डैनियल सैम्स, कुसल परेरा और नुवान तुषारा को शामिल करके अपनी टीम को और भी ज्यादा मजबूत बनाया है।

खिलाड़ियों के इस ड्राफ्ट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी दिलचस्पी जगाई है। 21 देशों के 650 से ज्यादा विदेशी क्रिकेटर्स ने चयन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन कराया है, जो इस बात का सबूत है कि लंका प्रीमियर लीग की ग्लोबल लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और यह इस क्षेत्र की सबसे बड़ी टी20 प्रतियोगिताओं में से एक बनकर उभर रही है।

लंका प्रीमियर लीग के टूर्नामेंट डायरेक्टर, समंथा दोदानवेला ने कहा, “ड्राफ्ट के जरिए फ्रेंचाइजी ने जिस क्वालिटी के खिलाड़ियों को चुना है, वह लंका प्रीमियर लीग की लगातार हो रही ग्रोथ और इसकी बढ़ती प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है। सभी टीमों में इंटरनेशनल अनुभव, उभरते हुए विदेशी टैलेंट और श्रीलंका के कुछ बेहतरीन क्रिकेटर्स का एक शानदार मेल देखने को मिलेगा। सभी 5 टीमों के बीच बना यह संतुलन एक बेहद रोमांचक टूर्नामेंट और फैंस के लिए एक यादगार अनुभव का वादा करता है।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button