फीफा वर्ल्ड कप: इराक के खिलाफ एम्बाप्पे पूरा करेंगे खास 'शतक', नाम जुड़ी बड़ी उपलब्धि


फिलाडेल्फिया, 22 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार को फ्रांस की भिड़ंत ग्रुप आई के मुकाबले में इराक से भिड़ेगी। फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे इराक के खिलाफ अपने इंटरनेशनल करियर का 100वां मैच खेलने मैदान पर उतरेंगे।

यह उपलब्धि 27 साल के एम्बाप्पे फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बनने के एक हफ्ते से भी कम समय में हासिल करेंगे। 16 जून को फ्रांस के पहले मुकाबले में सेनेगल पर मिली 3-1 की जीत में किलियन एम्बाप्पे ने अहम रोल निभाया था। एम्बाप्पे ने मैच में दो शानदार गोल किए थे। इन 2 गोल के साथ ही एम्बाप्पे ओलिवियर गिरौद को पीछे छोड़कर फ्रांस की ओर से सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बने। एम्बाप्पे फ्रांस की ओर से अब तक 58 गोल कर चुके हैं। वहीं, गिरौद के नाम 57 गोल करने का रिकॉर्ड था।

फ्रांस के अगले मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में म्बाप्पे ने कहा, “नेशनल टीम से बड़ा कुछ नहीं है। 100 मैच खेलना यह सच में ऐतिहासिक है। जब वर्ल्ड कप हो तो और भी ज्यादा।” अगर फ्रांस इस टूर्नामेंट में और आगे जाता है, तो वह कोच और पूर्व कप्तान डिडिएर डेसचैम्प्स (मिडफील्डर के तौर पर 103 मैच) से आगे निकल सकते हैं। एम्बाप्पे अगर किसी इंजरी की चपेट में नहीं आते हैं, तो वह लेस ब्लेस के लिए गोलकीपर ह्यूगो लोरिस के 145 मैच के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं।

म्बाप्पे ने 2017 में 18 साल की उम्र में फ्रांस के लिए डेब्यू किया था और वह 100 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले फ्रांस के 10वें खिलाड़ी बनेंगे। अब तक खेले 99 मुकाबलों में एम्बाप्पे 58 गोल कर चुके हैं। साल 2018 में चैंपियन बनी फ्रांस टीम की सफलता में एम्बाप्पे ने अहम रोल निभाया था। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 4 गोल किए थे।

वहीं, कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप 2022 में एम्बाप्पे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 गोल दागे थे और वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे थे। सेनेगल के खिलाफ किए गए दो गोल के साथ ही एम्बाप्पे विश्व कप में अब तक 14 गोल कर चुके हैं। टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड लियोनेल मेसी और मिरोस्लाव क्लोस के नाम दर्ज है, जिन्होंने 16-16 गोल किए हैं। वहीं, ब्राजील के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी रोनाल्डो 15 गोल किए हैं।

हालांकि,एम्बाप्पे ने जोर देकर कहा कि फ्रांस का फोकस नॉकआउट स्टेज में आगे बढ़ने पर है। उन्होंने कहा, “मैच की अहमियत और दांव ही असल में मायने रखते हैं। आगे बढ़ने के लिए हमें जीत की जरूरत है।” फ्रांस अगर इराक को हराने में सफल रहता है, तो टीम राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर लेगी।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Show More
Back to top button