इंग्लैंड जीत के बेहद करीब था, लेकिन हम अपने प्रदर्शन का स्तर बनाए नहीं रख सके: थॉमस टूचेल

अटलांटा, 16 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के हेड कोच थॉमस टूचेल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से मिली हार पर निराशा जताई है। कोच का कहना है कि इंग्लैंड जीत के बेहद करीब था, लेकिन पहला गोल करने के बाद टीम अपना प्रदर्शन उसी स्तर पर बनाए नहीं रख सकी।
टूचेल ने माना कि टीम ने कई अच्छे मौके गंवाए और मैच के आखिरी मिनटों में इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी। अटलांटा में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में एंथनी गॉर्डन के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली थी, हालांकि मैच के अंतिम सात मिनटों में अर्जेंटीना ने शानदार वापसी की। एंजो फर्नांडीज ने 85वें मिनट में बराबरी का गोल किया, जबकि लाउतारो मार्टिनेज ने इंजरी टाइम में विजयी गोल दागकर अर्जेंटीना को 2-1 से शानदार जीत दिलाई। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट हासिल किया है।
मैच के बाद टूचेल ने कहा कि उनकी टीम ने गोल करने के बाद खेल पर नियंत्रण खो दिया। उन्होंने कहा, “हम जीत के बहुत करीब थे, लेकिन बढ़त मिलने के बाद हम जरूरत से ज्यादा रक्षात्मक हो गए। हमने गेंद पर अपना नियंत्रण नहीं बनाए रखा और विपक्ष को कई क्रॉस, शॉट और गोल करने के मौके दे दिए।” उन्होंने बताया कि टीम ने बाद में डिफेंस को मजबूत करने के लिए पांच डिफेंडरों के साथ खेलने की रणनीति अपनाई।
कोच के अनुसार, बीच के हिस्से में काफी जगह खाली रह रही थी और अर्जेंटीना लगातार हवाई गेंदों और क्रॉस के जरिए दबाव बना रहा था। टूचेल ने कहा, “अर्जेंटीना के खिलाड़ियों का लगभग हर हेडर सटीक बैठ रहा था और वह लगातार हमारे बॉक्स में गेंद भेज रहे थे। हमने बीच के गैप को बंद करने और डिफेंस को मजबूत करने की कोशिश की, लेकिन हम गेंद अपने पास नहीं रख पाए। अगर आपके पास गेंद नहीं होगी तो दबाव से निकलना मुश्किल हो जाता है।”
इंग्लैंड के कोच ने कहा कि उस समय उन्हें नहीं लगा कि सब्स्टिट्यूशन से मैच का रुख बदल जाएगा। उनका मानना था कि मैदान पर मौजूद खिलाड़ी ही स्थिति संभाल सकते हैं, लेकिन टीम आखिरी मिनटों में बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी। हार से टूचेल निराश नजर आए, लेकिन उन्होंने अपनी टीम के प्रदर्शन और खिलाड़ियों की मानसिकता की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “खिलाड़ियों ने अपना सब कुछ मैदान पर झोंक दिया। हम 1-0 की बढ़त के हकदार थे और पूरे टूर्नामेंट में यह हमारा सबसे अच्छा प्रदर्शन था। जीत नहीं मिली, पर खिलाड़ियों की मेहनत और जज्बे पर मुझे गर्व है।”
टूचेल ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंग्लैंड ने लंबी यात्राएं कीं, ऊंचाई वाले मैदानों पर मुकाबले खेले, गर्म मौसम में खेला और एक मैच में 10 खिलाड़ियों के साथ भी चुनौती का सामना किया। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने हर मुकाबले में पूरा दम लगाया। अब इंग्लैंड का सामना शनिवार को तीसरे स्थान के लिए होने वाले प्लेऑफ मुकाबले में फ्रांस से होगा। वहीं अर्जेंटीना रविवार को न्यू जर्सी में होने वाले फाइनल मुकाबले में स्पेन से भिड़ेगा। इंग्लैंड की टीम तीसरा स्थान हासिल कर पिछले 60 वर्षों में विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने की कोशिश करेगी।
–आईएएनएस
एसएम/वीसी