इंग्लैंड के डिफेंडर लिवरामेंटो की सफलतापूर्वक सर्जरी, प्री-सीजन के दौरान वापसी की उम्मीद

न्यूयॉर्क, 30 जून (आईएएनएस)। इंग्लैंड के डिफेंडर टीनो लिवरामेंटो को काफ (पिंडली) इंजरी के बाद सर्जरी करवानी पड़ी है। इस समस्या के कारण उन्हें आखिरी समय में वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा था।
अपने देश के लिए 5 मैच खेल चुके 23 वर्षीय खिलाड़ी को यह चोट फ्लोरिडा में ट्रेनिंग के दौरान लगी थी, उस समय इंग्लैंड की टीम क्रोएशिया के खिलाफ अपने शुरुआती ‘ग्रुप-एल’ मैच से पहले तैयारियों को अंतिम रूप दे रही थी।
इस चोट के कारण लिवरामेंटो को इलाज के लिए अपने क्लब न्यूकैसल लौटना पड़ा। लिवरामेंट के स्थान पर चेल्सी के ट्रेवो चालोबाह को टीम में शामिल किया गया। इंग्लैंड की टीम में अब छह सेंट्रल डिफेंडर और सिर्फ तीन फुलबैक हैं।
लिवरामेंटो के क्लब, न्यूकैसल यूनाइटेड ने मंगलवार को उनकी स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “न्यूकैसल यूनाइटेड पुष्टि करता है कि टीनो लिवरामेंटो की एक माइनर सर्जरी सफलतापूर्वक हो गई है। वर्ल्ड कप ड्यूटी से चोट के साथ लौटे इस डिफेंडर के प्री-सीजन के दौरान वापसी करने की उम्मीद है।”
इंग्लैंड की टीम फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में बुधवार को डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो का सामना करेगी। इंग्लैंड के कोच थॉमस ट्यूशेल एक बार फिर अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं।
इंग्लिश टीम ग्रुप-एल में शीर्ष पर रही। इसने पनामा को 2-0 से हराया, लेकिन घाना के साथ 0-0 से ड्रॉ के बाद अनुशासित ‘लो-ब्लॉक’ डिफेंस को तोड़ने की उनकी क्षमता पर संदेह बना हुआ है।
जूड बेलिंगहैम ने शानदार खेल दिखाते हुए पहले कॉर्नर से गोल किया और फिर हैरी केन के लिए इंग्लैंड का दूसरा गोल करने का मौका बनाया। इंग्लैंड ने भले ही कोई गोल नहीं खाया, लेकिन उनके डिफेंस में ऐसी जगहें खाली रह गईं जिनका फायदा पनामा से बेहतर टीमें उठा सकती थीं।
डीआर कांगो को अफ्रीकी फुटबॉल में आए सुधार के पैमाने के तौर पर देखा जा सकता है। ये टीम उज्बेकिस्तान के खिलाफ जीत, पुर्तगाल के खिलाफ सम्मानजनक ड्रॉ और ग्रुप स्टेज में कोलंबिया से 1-0 की करीबी हार के साथ राउंड ऑफ 32 में पहुंचे हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी