टीएमसी की गुंडागर्दी के कारण पश्चिम बंगाल में 15 मतदान केंद्रों पर हो रही री-पोलिंग: केशव प्रसाद मौर्य


नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में 15 मतदान केंद्रों पर हो रहे पुनर्मतदान को लेकर देशभर के नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने कहा, “टीएमसी की गुंडागर्दी के कारण मतदाताओं को वोट डालने से रोकने और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई। इसी वजह से निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है, जिसका हम स्वागत करते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें रिपोर्ट मिल रही है कि अब मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है। साथ ही केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 4 मई के बाद ममता बनर्जी की सरकार नहीं बनेगी।

वहीं, शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने भी पुनर्मतदान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आईएएनएस से कहा, “जब किसी पार्टी को अपनी हार का अंदाजा हो जाता है, तो वह झूठे नैरेटिव फैलाने लगती है। कभी ईवीएम से छेड़छाड़ की बात, कभी सीसीटीवी खराब होने का आरोप, तो कभी गलत पोलिंग एजेंट की शिकायत की जाती है।”

शिवसेना प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे, तो क्या वे उसे स्वीकार करेंगे या फिर दोबारा आरोप लगाएंगे। शाइना ने कहा कि 15 बूथों पर दोबारा मतदान हो रहा है और उन्हें चुनाव आयोग पर पूरा भरोसा है।

बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पूरा चुनाव आयोग की निगरानी में हुआ है और आयोग ने उचित कार्रवाई की है। अगर शिकायतें मिलीं और आयोग को लगा कि दोबारा मतदान होना चाहिए, तो 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है।”

इसी दौरान उन्होंने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए की बढ़ोतरी पर भी प्रतिक्रिया दी। रामकृपाल यादव ने कहा, “देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देश युद्ध की वजह से कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित कर रही है कि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो।”

–आईएएनएस

वीकेयू/वीसी


Show More
Back to top button