एनसीआर में गर्मी के साथ जहरीली हवा का डबल अटैक, 24 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट जारी

नोएडा, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। एनसीआर के लोगों के लिए मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। जहां मार्च में फरवरी जैसी हल्की ठंडक का एहसास हुआ था, वहीं अब अप्रैल के आखिरी सप्ताह में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 21 अप्रैल से 24 अप्रैल तक लगातार हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 22 और 23 अप्रैल को तापमान बढ़कर 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
24 अप्रैल को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों दोपहर और शाम दोनों समय हीट वेव की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाती है।
हालांकि 25 और 26 अप्रैल को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दिनों अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बावजूद गर्मी से राहत सीमित ही रहने की उम्मीद है।
गर्मी के साथ-साथ वायु गुणवत्ता भी लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन रही है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 224 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। अशोक विहार में 173, बवाना में 196 और चांदनी चौक में 162 एक्यूआई दर्ज किया गया। नोएडा में भी हालात बेहतर नहीं हैं। सेक्टर-1 में एक्यूआई 197, सेक्टर-125 में 171, सेक्टर-62 में 147 और सेक्टर-116 में 160 दर्ज किया गया।
वहीं गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में एक्यूआई 301 पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। इसके अलावा वसुंधरा में 195, संजय नगर में 189 और इंदिरापुरम में 168 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। स्पष्ट है कि एनसीआर की जनता इस समय दोहरी मार झेल रही है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मास्क का उपयोग करने की सलाह दी है।
–आईएएनएस
पीकेटी/वीसी