डोडला डेयरी का पहली तिमाही में मुनाफा 42 प्रतिशत घटा, रिकॉर्ड राजस्व के बावजूद बढ़ी लागत का असर

नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। डोडला डेयरी लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी करते हुए बताया कि कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट घटकर 40.64 करोड़ रुपए रह गया, जो पिछले तिमाही के 69.80 करोड़ रुपए की तुलना में करीब 42 प्रतिशत कम है।
हालांकि, कंपनी की रेवेन्यू में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 19 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 1,197.94 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी और आने वाली तिमाहियों की जरूरतों को देखते हुए रणनीतिक रूप से अधिक इन्वेंट्री तैयार करने के कारण मुनाफे पर दबाव पड़ा।
डोडला डेयरी के मैनेजिंग डायरेक्टर डोडला सुनील रेड्डी ने कहा कि इन्वेंट्री बढ़ाने की रणनीति पूरे डेयरी उद्योग के रुझान के अनुरूप है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरी तिमाही से दूध की कीमतों में सामान्य स्थिति लौटना शुरू हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक गर्मी रहने के कारण कंपनी के वैल्यू एडेड प्रोडक्ट (वीएपी) पोर्टफोलियो, जिसमें दही, छाछ, लस्सी और आइसक्रीम शामिल हैं, की रिकॉर्ड बिक्री हुई। अब इन उत्पादों का योगदान कंपनी की कुल बिक्री का लगभग एक-तिहाई हो गया है।
कंपनी का ईबीआईटीडीए बढ़कर 64.9 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछली तिमाही में 53.8 करोड़ रुपए था।
हालांकि, बढ़ते खर्चों का असर कंपनी की लाभप्रदता पर पड़ा। नए श्रम कानूनों के तहत ऑफ-रोल कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन लागू होने से कर्मचारियों पर होने वाला खर्च बढ़ गया।
तिमाही आधार पर कर्मचारियों पर खर्च 51.7 करोड़ रुपए से बढ़कर 55.7 करोड़ रुपए हो गया, जो 7.7 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं, सालाना आधार पर इसमें 18 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी ने बताया कि इस तिमाही में उसने अब तक की सबसे अधिक दूध खरीद की, जो 21.1 लाख लीटर प्रतिदिन (एलएलपीडी) रही। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने अपनी फाइलिंग में कहा कि इस कारोबार में परिचालन दक्षता में लगातार सुधार के कारण वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ऑपरेटिंग मार्जिन पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की तुलना में बेहतर रहा।
डोडला डेयरी के अफ्रीका बिजनेस ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस कारोबार का रेवेन्यू सालाना आधार पर 45.6 प्रतिशत बढ़ा, जिसमें दूध की बिक्री में 52.3 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि का बड़ा योगदान रहा।
इसके अलावा, कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने डी2सी डेयरी ब्रांड ‘सिड्स फार्म’ में करीब 11.6 करोड़ रुपए का प्राथमिक निवेश कर 2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को भी मंजूरी दे दी है।
–आईएएनएस
डीबीपी