सीडब्ल्यूजी 2026: देश की उम्मीदों को झटका, मेडल चूकीं महिला वेटलिफ्टर मार्टिना देवी मैबाम


ग्लासगो, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय महिला वेटलिफ्टर मार्टिना देवी मैबाम भारत को पदक दिलाने से चूक गईं। गुरुवार को 86+ किलोग्राम भारवर्ग में मार्टिना कुल 245 किग्रा वजन उठाकर पांचवें स्थान पर रहीं। मार्टिना ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली वेटलिफ्टर से सिर्फ 5 किग्रा पीछे रहीं।

इस प्रतियोगिता का गोल्ड इंग्लैंड की एमिली कैंपबेल ने अपने नाम किया। सिल्वर मेडल मलेशिया की सिती अकीलाह फरहाना ड्रामन ने जीता और कनाडा की एटा मे लव तीसरे स्थान के साथ पोडियम फिनिश करने में कामयाब रहीं।

एसईसी आर्माडिलो में मार्टिना ने स्नैच में 105 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने पहले दो प्रयासों में 103 किग्रा वजन उठाने की नाकाम कोशिश की, जिसके बाद इसमें 2 किग्रा का इजाफा किया। मार्टिना अपने तीसरे प्रयास में सफल रहीं, जिसके बाद उनकी आंखों में आंसू थे।

इसके बाद ‘क्लीन एंड जर्क’ में भारतीय वेटलिफ्टर ने पहले प्रयास में सफलतापूर्वक 140 किग्रा वजन उठाया, लेकिन इसके बाद अगले दो प्रयास में 144 किग्रा और 146 किग्रा भार उठाने में नाकाम रहीं।

इंग्लैंड की एमिली कैंपबेल ने कुल 278 किग्रा (गेम्स रिकॉर्ड) के साथ गोल्ड अपने नाम किया, उन्होंने स्नैच में 115 किग्रा भार उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क के तीन सफल प्रयासों में 148 किग्रा, 155 किग्रा और 163 किग्रा (कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड और गेम्स रिकॉर्ड) भार उठाया।

वहीं, मलेशिया की फरहाना ने कुल 253 किग्रा भार उठाकर सिल्वर मेडल जीता। फरहाना ने स्नैच में 107 किग्रा, 110 किग्रा और अंतत: 113 किग्रा भार उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क के तीन सफल प्रयासों में 135 किग्रा, 138 किग्रा और 140 किग्रा भार उठाया।

ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने वाली कनाडा की एटा ने कुल 250 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने स्नैच के अपने दूसरे प्रयास में 106 किग्रा भार उठाया, जिसके बाद क्लीन एंड जर्क के अपने तीसरे प्रयास में 140 क्रिगा वजन उठाकर पोडियम फिनिश किया।

भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अब तक कुल 15 मेडल जीते हैं। इनमें 3 गोल्ड, 9 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।

–आईएएनएस

आरएसजी


Show More
Back to top button