नेशनल हाईवे-44 पर दो ट्रक और एक फॉर्च्यूनर में टक्कर, एक की मौत


सोनीपत, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। हरियाणा के सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो ट्रक और एक फॉर्च्यूनर कार आपस में टकरा गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से अमूल का दूध लेकर लौट रहे एक ट्रक के टायर में अचानक पंचर हो गया। चालक ने स्थिति को संभालने के लिए ट्रक को बीच सड़क पर ही रोक दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक और फॉर्च्यूनर कार उस खड़े ट्रक से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा भी पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

इस हादसे में एक ट्रक के परिचालक (कंडक्टर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य वाहन चालकों और परिचालकों को राहत एवं बचाव टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद पानीपत से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करने के लिए मोर्चा संभाला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर धीरे-धीरे ट्रैफिक को सामान्य करना शुरू किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा पानीपत-दिल्ली रोड पर सेक्टर-7 फ्लाईओवर के पास हुआ, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ट्रैफिक बाधित हो गया था। रास्ते से ट्रक और फॉर्च्यूनर को हटाने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था खुलवाई गई।

आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज से सही कारण जाने की कोशिश की जा रही है। आस-पास के लोगों ने बताया कि ट्रक बीच रास्ते में खड़ा था इसी दौरान पीछे से दूसरे ट्रक और फॉर्च्यूनर ने टक्कर मारी थी।

पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले एक ट्रक के परिचालक (कंडक्टर) के परिजनों को सूचना दे दी गई है, वहीं रास्ते में ट्रक खड़ा करने वाला चालक से पूछताछ की जा रही है, जिससे मामले की सही जानकारी हो सके।

–आईएएनएस

एसएके/एएस


Show More
Back to top button