राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जन्मदिन पर सीएम योगी और रेखा गुप्ता समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दीं शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के जन्मदिन के अवसर पर देशभर के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। योगी आदित्यनाथ, रेखा गुप्ता, हिमंता बिस्वा सरमा समेत कई मुख्यमंत्रियों ने राष्ट्रपति के सादगीपूर्ण जीवन, जनसेवा, संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी निष्ठा और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपका सादगीपूर्ण जीवन, जनजातीय समाज के उत्थान के प्रति अगाध समर्पण तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा देश वासियों के लिए उत्कृष्ट प्रेरणा है। भगवान श्री जगन्नाथ से आपके सुदीर्घ व सुयशपूर्ण जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना है।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “राष्ट्र की प्रेरणा और सेवाभाव की प्रतिमूर्ति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपका जीवन संघर्ष से शिखर तक की अनुकरणीय गाथा है। नारीशक्ति की प्रतीक आपकी शालीनता, संवेदनशीलता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा हम सभी का सदैव मार्गदर्शन करती रहे। महाप्रभु जगन्नाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना करती हूं।”

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “शालीनता, बुद्धिमत्ता और गरिमा की प्रतिमूर्ति, उन्हें राष्ट्र-निर्माण में उनके प्रयासों के लिए सभी का सम्मान और सराहना प्राप्त है। हमारे सर्वोच्च कमांडर का जीवन-सफर दृढ़ता, लोकतंत्र और समावेशिता की शक्ति का एक सशक्त उदाहरण है। सामाजिक न्याय और जन-सेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता हमारे महान गणतंत्र को प्रेरित करती है।”

सीएम हिमंता ने आगे लिखा, “उनका मार्गदर्शन देश को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाता रहे। उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन के लिए मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव से प्रार्थना है।”

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लिखा, “आपका समर्पित जीवन, विनम्र व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आपने अपने संघर्ष, सेवा और नेतृत्व से देश की करोड़ों बेटियों और महिलाओं को नए सपने देखने तथा उन्हें साकार करने का विश्वास दिया है। प्रभु से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और दीर्घायु प्रदान करें और आप निरंतर राष्ट्रहित में अपना अमूल्य योगदान देती रहें।”

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पोस्ट किया, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपका विनम्रता, दृढ़ता और समर्पित जन-सेवा का जीवन देश भर में लाखों लोगों को प्रेरित करता है। भगवान बुद्ध आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख और दीर्घायु प्रदान करें, ताकि आप गरिमा और शालीनता के साथ राष्ट्र की सेवा करती रहें।”

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आपकी सादगी, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता हम सभी को प्रेरित करती है। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और सुदीर्घ जीवन प्रदान करें।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “आपका सरल व्यक्तित्व, संवेदनशील नेतृत्व एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन प्रदान करें व देशवासियों को आपका मार्गदर्शन निरंतर प्राप्त होता रहे।”

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Show More
Back to top button