गांधीनगर स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने दी बधाई


गांधीनगर, 2 अगस्त (आईएएनएस)। हर वर्ष 2 अगस्त को गांधीनगर स्थापना दिवस मनाया जाता है। आज ही के दिन वर्ष 1965 में साबरमती के तट पर पहली ईंट रखी गई थी। वर्ष 1970 में गांधीनगर को गुजरात की राजधानी बना दिया गया था। इससे पहले गुजरात की राजधानी अहमदाबाद थी। गांधीनगर स्थापना दिवस के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने बधाई दी है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “ग्रीन सिटी और गुजरात के दिल के साथ-साथ राज्य के अच्छे शासन और एडमिनिस्ट्रेटिव सिस्टम के सेंटर के तौर पर मशहूर राजधानी गांधीनगर के स्थापना दिवस पर दिल से बधाई।”

मुख्यमंत्री ने लिखा, “हमारा गांधीनगर न सिर्फ एक हरा-भरा और अच्छी तरह से प्लान किया हुआ शहर बन गया है, बल्कि एजुकेशन हब और मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर का एक बेहतरीन मॉडल भी बन गया है। उम्मीद है कि गांधीनगर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।”

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “जहां हर रास्ता तरक्की की कहानी कहता है, जहां हर सांस में हरियाली की खुशबू है। गुजरात की गर्वित राजधानी गांधीनगर के स्थापना दिवस पर दिल से बधाई।”

गुजरात की राजधानी गांधीनगर देश का दूसरा ऐसा शहर है, जिसे प्लानिंग करके बसाया गया है। यह न सिर्फ गुजरात की राजधानी बल्कि बड़े-बड़े आयोजन और शिक्षा का केंद्र बनकर उभरा है। यहां का रेलवे स्टेशन सबसे आधुनिक है। इसकी पहचान ग्रीन सिटी के तौर पर होती है। राज्य के पहले मुख्यमंत्री जीवराज मेहता ने कई अलग-अलग स्थानों की जांच कराने के बाद गांधीनगर नगर को नई राजधानी के रूप में चुना था।

गांधीनगर का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखा गया है और इसका काफी विकास किया गया है। यहां की विधानसभा के बाद महात्मा मंदिर काफी चर्चित स्थानों में से एक है।

–आईएएनएस

एसडी/वीसी


Show More
Back to top button