सीबीआई ने रिश्वत मामले में सीजीएसटी अधीक्षक को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली, 7 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीजीएसटी मेरठ के एक अधीक्षक और उसके कार्यालय में कार्यरत एक कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई गुरुवार को की गई, जब सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय मीणा, अधीक्षक, सीजीएसटी कार्यालय रेंज-I, मेरठ और यश शर्मा, कंप्यूटर ऑपरेटर, के रूप में हुई है।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने 6 मई यानी बुधवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे जारी किए गए ‘कारण बताओ नोटिस’ को रद्द कराने के एवज में आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर यश शर्मा ने 6,000 रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की थी। शिकायत में यह भी कहा गया कि यह रिश्वत आरोपी अधीक्षक संजय मीणा की ओर से मांगी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने पर एक विशेष टीम का गठन कर जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, रिश्वत की यह राशि सीजीएसटी अधीक्षक की ओर से ली जा रही थी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस तरह की अवैध वसूली का कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

–आईएएनएस

एएसएच/पीएम


Show More
Back to top button