वृक्षारोपण अभियान के तहत ब्रजेश पाठक ने लगाया पौधा, बोले- यूपी को हरित प्रदेश बनाने में हर नागरिक दे योगदान

बाराबंकी, 12 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पौधरोपण किया और लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं और अपनी मां के नाम एक पौधा जरूर लगाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लगाए गए पेड़ की देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में एक बड़ा महाअभियान शुरू किया गया है, जो सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगा। इस अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश को हराभरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए यह बड़ा लक्ष्य तय किया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में सरकार ने लगातार काम किया है। उन्होंने दावा किया कि साल 2017 के बाद से वन क्षेत्र को बढ़ाने में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस अभियान का हिस्सा बनें और उत्तर प्रदेश को पर्यावरण के लिहाज से देश का अग्रणी राज्य बनाने में अपना योगदान दें।
उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के महत्व को समझाते हुए कहा कि पेड़ सिर्फ एक पौधा नहीं होता, बल्कि यह मां की तरह जीवन देता है। जिस तरह मां अपने बच्चों को छाया, प्यार और भोजन देती है, उसी तरह पेड़ भी हमें छाया, फल और शुद्ध हवा देता है। उन्होंने लोगों से कहा कि पौधा लगाने के बाद उसकी सुरक्षा भी उसी जिम्मेदारी से करें, जैसे वे अपनी मां की देखभाल करते हैं।
ब्रजेश पाठक ने लोगों से अपील की कि पौधों को सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए और उनकी नियमित देखभाल की जाए। उन्होंने कहा कि पौधों को जानवरों और अन्य नुकसान पहुंचाने वाली चीजों से बचाने के लिए ट्री गार्ड या घेराबंदी जरूर की जाए। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति एक पेड़ लगाकर उसकी रक्षा करने का संकल्प ले, तो प्रदेश में पर्यावरण को लेकर बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने सनातन धर्म और अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े मुद्दे को लेकर विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज सनातन धर्म की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि अयोध्या में भगवान रामलला के मंदिर निर्माण के समय उनका रुख क्या था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब राम मंदिर निर्माण का आंदोलन चल रहा था, तब कुछ लोगों ने इसका विरोध किया था और सुप्रीम कोर्ट में भी इस मामले को लेकर अलग रुख अपनाया था। उन्होंने कहा कि आज वही लोग भगवा पहनकर और धार्मिक मुद्दों की बात करके जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने बाबरी मस्जिद के लिए धन्नीपुर में दी गई जमीन और उससे जुड़े चंदे के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि उस चंदे का उपयोग कहां हुआ, इसकी जानकारी क्यों नहीं मांगी गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इस मामले पर भी सवाल उठाने चाहिए थे।
मदरसों की फंडिंग को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश में चल रहे मदरसों में आने वाली फंडिंग की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार गलत गतिविधियों की खबरें सामने आती हैं, लेकिन विपक्ष इस पर सवाल नहीं उठाता। उन्होंने इसे तुष्टीकरण की राजनीति बताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं के जरिए सरकार समाज के हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को जाति और तुष्टीकरण की राजनीति से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को हमेशा किसी एक पार्टी के वोट बैंक के रूप में नहीं देखा जा सकता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।
बसपा के चुनावी अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने और जनता के बीच जाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सभी पार्टियां सक्रिय होती हैं, लेकिन भाजपा पूरे पांच साल जनता के बीच रहकर काम करती है और उसी के आधार पर चुनाव मैदान में उतरती है।
–आईएएनएस
पीआईएम/एएस