मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी विशेष अभियान: स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ, 5 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, सेवा भावना और गरीबों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने बीते वर्षों में विकास के अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें और अधिक शक्ति प्रदान करे, ताकि वे इसी तरह देश और गरीबों की सेवा करते रहें।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने 5 जून से 21 जून तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, समर्पण और गरीबों के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को जन-जन तक पहुंचाना है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया है। गरीबों के बैंक खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाने, आयुष्मान योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने, गरीबों को मुफ्त राशन देने और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि देश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि आतंकवाद, नक्सलवाद और अन्य आंतरिक सुरक्षा चुनौतियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। इसके साथ ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और अन्य विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन कार्यों ने देश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है।
मंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही है। इसी सोच के तहत किसान, युवा, महिला और गरीब वर्ग को सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं, किसान और युवा पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भर बन रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना भारत को विश्व के अग्रणी देशों में शामिल करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में देश और तेजी से प्रगति करेगा तथा गरीबों के कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता इसी तरह बनी रहेगी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मानसून और बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए सरकार पूरी तरह सतर्क है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी आवश्यक तैयारियां की जा चुकी हैं और प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहानि और किसानों को नुकसान से बचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
–आईएएनएस
एसएचके/डीकेपी