भाजपा ने प्रवेश वाही को घोषित किया एमसीडी का मेयर उम्मीदवार, आप ने चुनाव से बनाई दूरी


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर बड़ा रणनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां भाजपा ने एमसीडी के महापौर पद के लिए प्रवेश वाही को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने इस बार मेयर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।

भाजपा ने गुरुवार दोपहर आधिकारिक तौर पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें मेयर पद के लिए प्रवेश वाही और डिप्टी मेयर पद के लिए मोनिका पंत को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा स्थायी समिति के सदस्य और नेता सदन के लिए जय भगवान यादव, स्थायी समिति सदस्य के लिए मनीष चड्ढा के नाम का ऐलान किया गया है। पार्टी ने यह चयन ऐसे समय पर किया है जब नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि भी नजदीक है।

वहीं, गुरुवार को ही नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। यदि किसी अन्य दल या उम्मीदवार द्वारा नामांकन नहीं किया जाता है, तो प्रवेश वाही का निर्विरोध मेयर चुना जाना तय हो जाएगा।

वहीं यदि कोई प्रत्याशी मैदान में उतरता भी है तब भी भाजपा की जीत लगभग निश्चित मानी जा रही है। नगर निगम (एमसीडी) में कुल 250 पार्षद हैं, जिनमें भाजपा के पास 123 पार्षदों का समर्थन है, जो उसे स्पष्ट बढ़त देता है।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव से दूरी बनाने का फैसला कर सभी को चौंका दिया है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को इस निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी पार्टी भाजपा को एक और मौका देना चाहती है, ताकि वह दिल्ली में बदलाव कर सके और जनता के सामने उसकी कार्यशैली पूरी तरह उजागर हो सके।

भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने पिछले साल भी इसी रणनीति को अपनाया था ताकि भाजपा अपने सभी संसाधनों का उपयोग कर सके और काम न करने के लिए कोई बहाना न बना सके। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते एक वर्ष में भाजपा सभी जिम्मेदारियां होने के बावजूद राजधानी में अपेक्षित सुधार नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, मेयर और स्थायी समिति जैसे अहम पदों पर नियंत्रण होने के बावजूद भाजपा जनता को राहत देने में विफल रही है। भारद्वाज ने दावा किया कि इससे यह साबित होता है कि विकास कार्य करने की क्षमता केवल आम आदमी पार्टी के पास है।

–आईएएनएस

एसएके/पीएम


Show More
Back to top button