मतदान के बाद बोले अभिनेता जीवा-वोट देना सिर्फ अधिकार नहीं, जिम्मेदारी भी है

चेन्नई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की 152 सीटों पर और तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं। इस दौरान चेन्नई में अभिनेता विक्रम प्रभु, जीवा, प्रभु समेत कई सेलेब्स ने वोटिंग की। इसके बाद उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत की और सभी लोगों से वोट देने की अपील की।
अभिनेता विक्रम प्रभु ने कहा, “हर चुनाव बहुत महत्वपूर्ण होता है। आजकल राजनीति में नए लोग आ रहे हैं और युवाओं में भी इसे लेकर जागरुकता बढ़ रही है। वे राजनीति को ध्यान से समझने की कोशिश कर रहे हैं, चाहे वह कोई छोटा चुनाव हो या आम चुनाव। हमें अपने वोट के अधिकार को समझना चाहिए और यह सोचना चाहिए कि हमारे शहर, राज्य और देश के लिए क्या जरूरी है। इसलिए वोट देना, टैक्स भरना और एक अच्छा नागरिक बनना बहुत जरूरी है। यहीं से इसकी शुरुआत होती है।
उन्होंने कहा, “हमें नीतियों को समझना चाहिए और यह जानना चाहिए कि नेता किस मुद्दे पर खड़े हैं। एक जागरूक नागरिक होने के नाते हमें सही सवाल पूछने चाहिए, ताकि हमें सही जानकारी मिल सके। आज लोग पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे हैं और यह एक अच्छी बात है। जब लोग राजनीति में रुचि लेते हैं और जुड़ते हैं, तो यह समाज और देश के लिए फायदेमंद होता है।
अभिनेता जीवा ने कहा, “वोट देना बहुत बुनियादी बात है। यह सिर्फ हमारा अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। इसलिए मैं सभी युवाओं से कहना चाहूंगा कि वे जरूर आएं औव वोट डालें। मुझे पूरा विश्वास है कि इन चुनावों के बाद नतीजे आने पर देश में बड़ा बदलाव आएगा।”
अभिनेता प्रभु ने कहा, “आज हर भारतीय को वोट देने का अधिकार है। कृपया, सभी लोग खुद यहां पर आकर वोट जरूर डालें। आप किसी को भी वोट दे सकते हैं, लेकिन वोट देना जरूरी है। इससे देश के प्रति आपकी जिम्मेदारी पूरी होती है।”
उन्होंने जीत को लेकर कहा, “मैं इस बारे में ज्यादा नहीं कह सकता लेकिन जो भी जीतेगा, उसे मेरी शुभकामनाएं। बहुत से युवा पहली बार वोट डालने आ रहे हैं। मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं। वे ही देश का भविष्य हैं और शायद उन्हें पता है कि उन्हें किसे वोट देना है।”
–आईएएनएस
एनएस/पीएम