बिहार : मुंगेर पुलिस की बड़ी सफलता, 'ऑपरेशन मुस्कान' में 106 चोरी और गुम मोबाइल बरामद


मुंगेर, 20 जून (आईएएनएस)। मुंगेर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत एक बार फिर सफलता हासिल की है। जिले में 25 जनवरी से 20 जून तक चले अभियान के दौरान पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और सूचना-आधारित कार्रवाई से कुल 106 गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देशन में जिला आसूचना इकाई और विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने संयुक्त प्रयास से अभियान चलाया। शनिवार को एसपी कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर बरामद कई मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। कार्यक्रम में करीब 63 लोगों ने पहुंचकर अपने मोबाइल प्राप्त किए, जबकि शेष मोबाइल संबंधित थानों के माध्यम से उनके मालिकों को सौंपे जाएंगे।

सबसे अधिक 35 मोबाइल कोतवाली थाना क्षेत्र से बरामद हुए हैं। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन मुंगेर पुलिस की मेहनत और लगन से उनका सामान वापस मिल गया।

एक मोबाइल धारक ने कहा, “हमें अपना मोबाइल वापस मिल गया है। इसके लिए हम मुंगेर पुलिस और पुलिस अधीक्षक का दिल से धन्यवाद करते हैं।”

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “ऑपरेशन मुस्कान के तहत हमने पूरे जिले से 106 मोबाइल रिकवर किए और उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा है। लोगों को पुलिस मुख्यालय बुलाकर मोबाइल दिए गए। यह अभियान आम लोगों के लिए राहत भरा साबित हो रहा है। हमारी टीम तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर लगातार काम कर रही है।”

एसपी ने कहा कि मोबाइल चोरी और गुम होने की घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मोबाइल की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

–आईएएनएस

एससीएच/एबीएम


Show More
Back to top button