इंदौर जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार


भोपाल, 24 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, ट्रेनों में चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 15 लाख रुपए कीमत के 12 तोले सोने के गहने बरामद किए।

जीआरपी इंदौर के एडिशनल एसपी हेमंत चौहान ने गिरफ्तारी, चोरी के गहनों की बरामदगी और मामले की जांच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई 16 मार्च की घटना के बाद की गई है, जहां एक शिकायतकर्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अहमदाबाद से इंदौर की यात्रा ट्रेन के माध्यम से कर रहा था। उनका पर्स यात्रा के दौरान चोरी हो गया। इसी को लेकर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके 12 तोले के सोने के आभूषण, पर्स, नकद और मोबाइल फोन चोरी हो गए थे।

जानकारी के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम का भी गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय पहलू से घटना की जांच की। इसके लिए पुलिस टीम ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों और प्लेटफार्मों पर लगे लगभग 500 कैमरों का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायता से संदिग्ध की पहचान की गई, जिसका नाम जितेंद्र चावला है। वह नैनीताल के रामनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। संदिग्ध आरोपी की तलाश के लिए हमने अलग-अलग राज्यों की पुलिस को उसकी तस्वीर भेजी। हालांकि, अपराधी काफी शातिर प्रवृत्ति का है। वह लगातार अपनी जगह बदल रहा था। लोकेशन ट्रैक न हो, इसके लिए वह लगातार नए-नए फोन का इस्तेमाल कर रहा था।

आखिरकार, जीआरपी इंदौर पुलिस को शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में 20 से ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं, जिसमें अधिकतर चोरियां चलती ट्रेन में ही किए जाने का मामला है।

एसपी हेमंत चौहान ने बताया कि आरोपी महंगे शौक को पूरा करने के लिए इस प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था, जिसमें महंगी शराब पीना, नई-नई जगह घूमना, हवाई यात्रा, आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी 8वीं कक्षा तक पढ़ा-लिखा है।

–आईएएनएस

डीके/एबीएम


Show More
Back to top button