बीएचईएल को मिला 21,000 करोड़ रुपए से अधिक का पावर प्रोजेक्ट, शेयरों में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। सरकारी स्वामित्व वाली भेल यानी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) के शेयरों में शुक्रवार को 2 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई। स्टॉक में यह तेजी कंपनी को मिले एक बड़े ऑर्डर के बाद आई।
कंपनी को मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड (एमयूएनपीएल) से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 3×800 मेगावाट की मेजा सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना (स्टेज-2) स्थापित करने के लिए 21,000 करोड़ रुपए से अधिक का ऑर्डर मिला है।
यह कॉन्ट्रैक्ट इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) पैकेज से संबंधित है, जिसमें डिजाइन, इंजीनियरिंग, विनिर्माण, आपूर्ति, निर्माण, स्थापना, परीक्षण और कमीशनिंग जैसे सभी कार्य शामिल हैं।
बीएचईएल ने बताया कि यह ऑर्डर अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से मिला है। परियोजना को अवार्ड की अधिसूचना की तारीख से 70 महीनों के भीतर पूरा किया जाना है, यानी लगभग छह वर्षों में इसका निर्माण कार्य पूरा होगा।
एमयूएनपीएल, एनटीपीसी लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (यूपीआरवीयूएनएल) का संयुक्त उपक्रम है।
बीएचईएल ने स्पष्ट किया कि यह ऑर्डर संबंधित पक्षों के बीच होने वाले लेनदेन (रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन) की श्रेणी में नहीं आता है।
यह सौदा ऐसे समय आया है जब बीएचईएल को 3 जून को नाइजीरिया की एक कंपनी से 2,000 से 2,500 करोड़ रुपए का एक और बड़ा ऑर्डर मिला था।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि 2 जून को नाइजीरिया की डांगोटे पेट्रोलियम रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स फ्री जोन एंटरप्राइज के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे।
यह ऑर्डर नाइजीरिया के डांगोटे इंडस्ट्रीज फ्री जोन में स्थित पेट्रोलियम रिफाइनरी और पॉलीप्रोपाइलीन संयंत्र के लिए आठ गैस टर्बाइन जनरेटर पैकेजों के डिजाइन, निर्माण, आपूर्ति तथा स्थापना एवं कमीशनिंग की निगरानी से जुड़ा है।
कंपनी के अनुसार, इस अनुबंध को समझौते की प्रभावी तिथि या कार्य प्रारंभ होने की तारीख से 26 महीनों के भीतर पूरा किया जाएगा।
दिन के शुरुआती कारोबार में बीएचईएल के शेयर एनएसई पर 390 रुपए पर खुलकर 2.86 प्रतिशत उछलकर 400.35 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। हालांकि बाद में शेयरों में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई।
कंपनी के शेयर पिछले 1 महीने में 3 प्रतिशत, 6 महीने में 39 प्रतिशत और 1 साल में 53.37 प्रतिशत चढ़ चुका है, वहीं इस साल अब तक शेयरों में 32.53 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है।
दिन के दौरान कारोबार की कुल मात्रा इसके पिछले 30 दिनों के औसत कारोबार से 19.19 गुना अधिक रही। कंपनी का रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (आरएसआई) 44.17 पर दर्ज किया गया।
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में अपने समेकित शुद्ध लाभ में 155.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 1,290.47 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग 32,350 करोड़ रुपए (अनंतिम) का कारोबार दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है।
इस दौरान बीएचईएल को कुल मिलाकर लगभग 75,000 करोड़ रुपए के नए ऑर्डर मिले। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कंपनी की कुल ऑर्डर बुक बढ़कर लगभग 2.4 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई है।
–आईएएनएस
डीबीपी