बंगाल चुनाव : ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों पर अधिकारियों का बयान, 'स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित'

कोलकाता, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेताओं के धरने और ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोपों के बीच चुनाव अधिकारियों ने गुरुवार शाम विस्तृत बयान जारी किया। बयान में कहा गया कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र स्थित सभी ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित, सीलबंद और कड़ी निगरानी में हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वहां केवल पोस्टल बैलेट की छंटनी की प्रक्रिया तय नियमों के तहत की जा रही थी, जिसे गलत तरीके से ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम खोलने के रूप में पेश किया गया।
बेलियाघाटा विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संदर्भ में बयान जारी कर कहा कि खुदीराम अनुशीलन केंद्र परिसर में कुल 7 विधानसभा क्षेत्रों के ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम हैं और सभी को मतदान समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों, उनके चुनाव एजेंटों और जनरल ऑब्जर्वर की मौजूदगी में विधिवत बंद और सील किया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, अंतिम ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम बुधवार देर रात मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार सुबह करीब 5:15 बजे सील किया गया। सभी ईवीएम वाले स्ट्रॉन्ग रूम सुरक्षित रूप से बंद हैं और उन पर लगातार सुरक्षा निगरानी है।
रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि इसी परिसर में एक अलग स्ट्रॉन्ग रूम पोस्टल बैलेट के लिए भी है, जहां अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के पोस्टल बैलेट और ईटीबीपीएस मतपत्र रखे गए हैं। गुरुवार शाम 4 बजे से इसी पोस्टल बैलेट की छंटनी की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टल बैलेट की छंटनी ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर बने कॉरिडोर में की जा रही थी, जबकि मुख्य ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह बंद और सीलबंद रहे। इस प्रक्रिया की जानकारी पहले ही सभी ऑब्जर्वरों, रिटर्निंग ऑफिसरों और राजनीतिक दलों को दे दी गई थी। रिटर्निंग ऑफिसरों को निर्देश दिया गया था कि वे अपने-अपने क्षेत्र के उम्मीदवारों और एजेंटों को इसकी सूचना दें।
रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को 28 अप्रैल के जिला निर्वाचन अधिकारी, कोलकाता नॉर्थ के मेमो के तहत ईमेल के जरिए पहले ही सूचित कर दिया गया था कि 30 अप्रैल को शाम 4 बजे खुदीराम अनुशीलन केंद्र स्थित जिला स्ट्रॉन्ग रूम में पोस्टल बैलेट की छंटनी की जाएगी।
इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस के कुणाल घोष, माकपा की परमिता रॉय, भाजपा के पार्थ चौधरी, कांग्रेस की शाहिना जावेद, एसयूसीआई (सी) की जयंती मित्रा समेत सभी उम्मीदवारों और उनके चुनाव एजेंटों को आधिकारिक सूचना भेजी गई थी।
निर्वाचन अधिकारियों ने दोहराया कि पोस्टल बैलेट की छंटनी शाम 4 बजे सभी राजनीतिक दलों को सूचना देने के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार शुरू की गई और ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम को किसी भी स्तर पर नहीं खोला गया।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम