असम विधानसभा चुनाव: 126 सीटों के लिए मतगणना शुरू, भाजपा नेता बोले- फिर बनेगी एनडीए सरकार

गुवाहाटी, 4 मई (आईएएनएस)। असम में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है। राज्य विधानसभा की 126 सीटों के चुनाव नतीजे सोमवार शाम तक घोषित होंगे। चुनाव नतीजों से पहले भारतीय जनता पार्टी ने दावा किया है कि असम में दोबारा पूर्ण बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनेगी।
असम के गोहपुर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार उत्पल बोरा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “असम में एनडीए की सरकार बनेगी।” उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने विधानसभा क्षेत्र में भी एक बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगे।
इसके साथ ही, उत्पल बोरा ने गोहपुर की जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के समय सहयोग किया है, उसके लिए आभार भी व्यक्त करता हूं।
वहीं, बेहाली विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार मुनींद्र दास ने अपनी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि वे सौ प्रतिशत अपने क्षेत्र में जीत हासिल करेंगे।
126 विधानसभा क्षेत्रों में 722 उम्मीदवारों की किस्मत का सोमवार को फैसला होगा। पार्टी उम्मीदवार, उनके पर्यवेक्षक और समर्थक 35 जिलों में बने 40 मतगणना केंद्रों पर अपनी नजरें गड़ाए बैठे हैं।
9 अप्रैल को हुए चुनावों में असम में 85.91 प्रतिशत की ऐतिहासिक मतदाता भागीदारी दर्ज की गई। साथ ही 86.5 प्रतिशत के साथ महिला मतदाताओं की अब तक की सबसे अधिक भागीदारी भी दर्ज की गई।
सत्ताधारी भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के मुख्य घटक असम गण परिषद (एजीपी) और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) हैं। जहां भाजपा ने 90 उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं एजीपी और बीपीएफ के क्रमशः 26 और 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।
विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस के 99 उम्मीदवार, रायजोर दल के 13, असम जातीय परिषद के 10, माकपा के तीन, और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस (एपीएचएलसी) के दो उम्मीदवार शामिल हैं।
एआईयूडीएफ ने 30 उम्मीदवार उतारे, जबकि आम आदमी पार्टी और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने 18-18 सीटों पर, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने 22 सीटों पर, और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।
–आईएएनएस
डीसीएच/