अनुपम खेर ने सतीश कौशिक की बेटी वंशिका को खास अंदाज में दी जन्मदिन की बधाई, शेयर की पुरानी यादें

मुंबई, 15 जुलाई (आईएएनएस)। दिवंगत अभिनेता सतीश कौशिक की बेटी वंशिका कौशिक बुधवार को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इस अवसर पर अभिनेता अनुपम खेर ने उन्हें खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वंशिका के साथ अपनी कुछ यादगार तस्वीरें और वीडियो साझा किए।
साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में वंशिका के बचपन से लेकर अब तक की यादें हैं। इनमें वह अपने पिता सतीश कौशिक और अनुपम खेर के परिवार के साथ नजर आ रही हैं। पहले वीडियो में अनुपम खेर वंशिका से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में सतीश कौशिक, अनुपम खेर और वंशिका साथ में मस्ती करते नजर आ रहे हैं।
अनुपम खेर ने पोस्ट में लिखा, “सबसे प्यारी वंशिका बेटा, तुम्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। भगवान तुम्हें दुनिया की हर खुशी, अच्छा स्वास्थ्य और खूबसूरत जिंदगी दें, साथ ही तुम्हारे हर सपने को पूरा करें।”
उन्होंने आगे लिखा, “तुम हमेशा से मेरी बेटी की तरह रही हो। जब सतीश हमारे साथ थे, तब भी मैं तुम्हें अपनी बेटी और अपनी दोस्त मानता था। कुछ रिश्ते खून के नहीं होते, बल्कि प्यार, भरोसे और अपनापन से बनते हैं। हमारा रिश्ता भी ऐसा ही है।”
अनुपम खेर ने वंशिका से वादा करते हुए लिखा कि वह जीवन के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “कई बार अपने प्यार को शब्दों में कहना आसान नहीं होता, लेकिन आज मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगा। हर खुशी और हर मुश्किल में तुम्हारा साथ दूंगा, तुम्हारी हिम्मत बनूंगा और हमेशा तुम्हारे लिए खड़ा रहूंगा। कौन जानता है, आने वाले सालों में जब तुम शादी करोगी, तो शायद मुझे तुम्हारा कन्यादान करने का सौभाग्य भी मिले। उस दिन में अभी बहुत समय है, लेकिन यह सोचकर ही मेरा दिल प्यार और अपनापन से भर जाता है।”
पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। तुम्हारा यह जन्मदिन ढेर सारी खुशियां लेकर आए। मुझे पूरा यकीन है कि तुम्हारे पापा और मेरे सबसे प्यारे दोस्त सतीश आज ऊपर से मुस्कुरा रहे होंगे और तुम्हें अपना ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद भेज रहे होंगे। जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी बेटी। भगवान तुम्हें हमेशा खुश और सुरक्षित रखें।”
–आईएएनएस
एनएस/एएस