अकासा एयर नोएडा एयरपोर्ट से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए 16 जून से शुरू करेगी रोजाना उड़ानें

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। भारतीय लो-कॉस्ट एयरलाइन अकासा एयर ने सोमवार को घोषणा की कि वह 16 जून 2026 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना सीधी उड़ानें शुरू करेगी।
एयरलाइन ने बताया कि टिकट बुकिंग उसकी वेबसाइट, एंड्रॉयड और आईओएस ऐप के साथ-साथ कई प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म (ओटीए) पर शुरू हो चुकी है।
एयरलाइन ने एक विज्ञप्ति में कहा कि भारत के नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के एयर ट्रैफिक का दबाव कम करने, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे एनसीआर में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
अकासा एयर के को-फाउंडर और चीफ कमर्शियल ऑफिसर आनंद श्रीनिवासन ने कहा, “भारत का एविएशन मार्केट तेजी से बढ़ रहा है और ऐसे में सही जगहों पर एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और भविष्य की क्षमता के कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर की यात्रा व्यवस्था को बदल देगा।”
उन्होंने कहा कि बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना सीधी उड़ानें यात्रियों की मजबूत मांग और आगे की कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर शुरू की जा रही हैं।
एयरलाइन ने कहा कि वह आने वाले समय में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को और मजबूत करेगी।
अकासा एयर एयरपोर्ट परिसर में एक आधुनिक एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) सुविधा भी शुरू करेगी, जहां विमानों की मरम्मत और रख-रखाव से जुड़ी उन्नत सेवाएं दी जाएंगी, जिससे ऑपरेशन और सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाया जा सकेगा।
एयरलाइन के अनुसार, बेंगलुरु से नोएडा आने वाली फ्लाइट शाम 4:25 बजे उड़ान भरेगी और शाम 7:15 बजे पहुंचेगी। वहीं नोएडा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट रोजाना शाम 7:55 बजे रवाना होगी और रात 11 बजे पहुंचेगी।
इसके अलावा, नवी मुंबई से नोएडा आने वाली फ्लाइट सुबह 7:25 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 9:35 बजे पहुंचेगी। वहीं नोएडा से नवी मुंबई की फ्लाइट रोजाना सुबह 10:15 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:30 बजे गंतव्य तक पहुंचेगी।
–आईएएनएस
डीबीपी