राम मंदिर चढ़ावा मामले में दोषियों पर कार्रवाई तय, जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी : दिनेश शर्मा


लखनऊ, 27 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में विपक्ष पर निशाना साधते हुए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में जो भी दोषी है, उन पर कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि राम मंदिर चढ़ावा मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के आलोक कुमार ने भी निष्पक्ष जांच की बात कही है। विपक्ष बिना किसी ठोस प्रमाण के विवाद खड़ा कर मंदिर की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है। यदि किसी के पास हेराफेरी का कोई पुख्ता सबूत है तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए। केवल राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगाना लोकतंत्र के हित में नहीं है।

गाजा और फिलिस्तीन को लेकर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत की विदेश नीति संतुलित और व्यावहारिक है। भारत के फिलिस्तीन और इजरायल दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं और देश किसी एक पक्ष का समर्थन कर अपने अन्य अंतर्राष्ट्रीय संबंधों को प्रभावित नहीं कर सकता। भारत की विदेश नीति को वैश्विक स्तर पर स्वीकार्यता मिली है।

बता दें कि सोनिया गांधी ने एक आर्टिकल में कहा है कि भारत अब फिलिस्तीन के अधिकारों पर अपनी पुरानी नीति से हटकर इजरायल के साथ करीबी रिश्तों को ज्यादा महत्व दे रहा है। उन्होंने कहा कि गाजा को लेकर भारत की मौजूदा विदेश नीति सवाल खड़े करती है।

सोनिया गांधी ने आर्टिकल में लिखा कि गाजा में जारी संघर्ष ने भारी तबाही मचाई है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गाजा में हालात बेहद गंभीर हैं और बड़ी संख्या में आम नागरिक इसकी कीमत चुका रहे हैं। उनके अनुसार, 20 हजार से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है और 44 हजार से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं।

भारत-अमेरिका संबंधों पर शर्मा ने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कई बार भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना कर चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी को कई देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने से उनकी वैश्विक लोकप्रियता का पता चलता है।

उन्होंने कहा कि भारत तेजी से निवेश का बड़ा केंद्र बन रहा है, जिसके चलते विदेशी कंपनियां यहां निवेश करने की इच्छुक हैं। देश की विकास दर लगातार बढ़ रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

–आईएएनएस

एसएके/एबीएम


Show More
Back to top button