दिव्या दत्ता की एक सिफारिश और बदल गई अनूप सोनी की किस्मत, ऐसे मिली थी पहली पंजाबी फिल्म


मुंबई, 12 जून (आईएएनएस)। मनोरंजन जगत के जाने-माने अभिनेता अनूप सोनी ने अपने बेहतरीन अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। शुक्रवार को उन्होंने बताया कि कैसे उनकी दोस्त दिव्या दत्ता के साथ से उन्हें पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिला था।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर पंजाबी फिल्म ‘देश होया परदेस’ का एक क्लिप शेयर किया। इसमें उनके साथ करीबी मित्र दिव्या दत्ता नजर आ रही हैं। अभिनेता ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “इस रोल के लिए पहले जिस अभिनेता को चुना गया था, शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले उनका एक्सीडेंट हो गया। मेरी दोस्त दिव्या दत्ता, जो पहले से इस फिल्म का हिस्सा थीं, उन्होंने मेरा नाम सुझाया और निर्देशक मनोज पुंज ने उस सुझाव पर भरोसा जताया। कुछ दिनों बाद मैं चंडीगढ़ के सेट पर था, जहां मुझे एक लालची और नैतिक रूप से भ्रष्ट पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने का मौका मिला। यह मेरे अब तक निभाए गए किरदारों से बिल्कुल अलग था।”

उन्होंने आगे लिखा, “आज जो सीन मैं शेयर कर रहा हूं, वह दिव्या के साथ है। यह सीन काफी गंभीर, असहज और भावनाओं से भरा हुआ था। इस फिल्म की वजह से मुझे दिग्गज गुरदास मान के साथ स्क्रीन शेयर करने का मौका मिला। उनकी सादगी और विनम्रता ने मुझ पर गहरी छाप छोड़ी। साथ ही जूही चावला और शानदार कलाकारों की टीम के साथ काम करने का अनुभव भी यादगार रहा।”

अभिनेता अनूप सोनी ने अपनी बात को खत्म करके हुए लिखा, “आज पीछे मुड़कर देखता हूं तो दिव्या के सुझाव, मनोज पुंज के भरोसे और ‘देश होया परदेस’ का शुक्रिया अदा करता हूं, जिसने मुझे पंजाबी सिनेमा का पहला अनुभव दिया। मेरी पंजाबी फिल्म ‘देश होया परदेस’ का यह सीन शेयर कर रहा हूं।”

मनोज पुंज द्वारा निर्देशित ‘देस होया परदेस’ 1980 के दशक के अशांत पंजाब की पृष्ठभूमि पर बनी एक मार्मिक प्रेम और देशभक्ति की कहानी है। फिल्म में गुरदास मान , जूही चावला, दिव्या दत्ता और अनूप सोनी जैसे कलाकार नजर आए थे।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Show More
Back to top button