संसद सुरक्षा चूक : कर्नाटक से एक और हिरासत में

संसद सुरक्षा चूक : कर्नाटक से एक और हिरासत में

नई दिल्ली, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संसद सुरक्षा चूक मामले में कर्नाटक के बागलकोटे शहर से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को हिरासत में लिया है। सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान साई कृष्णा के रूप में हुई है, जो कर्नाटक के विद्यागिरि में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है। जब उसे बागलकोट से हिरासत में लिया गया तो वह अपनी बहन के घर पर था।

सूत्रों के अनुसार, कृष्णा और मैसूर के रहने वाले एक अन्य आरोपी मनोरंजन डी एक दूसरे को इंजीनियरिंग कॉलेज के दिनों से जानते थे और रूममेट भी रह चुके हैं।

सूत्रों ने बताया कि कृष्णा कर्नाटक पुलिस के एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी का बेटा है।

मामले में गिरफ्तार किए गए छह आरोपी हैं – मैसूर का रहने वाला मनोरंजन डी, लखनऊ का सागर शर्मा, हरियाणा की नीलम, महाराष्ट्र के लातूर का अमोल शिंदे, राजस्थान का महेश कुमावत और पश्चिम बंगाल का ललित झा।

दिल्ली पुलिस ने 13 दिसंबर को हुई संसद भवन में सुरक्षा चूक के मामले में बुधवार को उत्तर प्रदेश के जालौन, उरई से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। उस व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय अतुल कुलश्रेष्ठ के रूप में हुई है और वह एक सोशल मीडिया पेज/समूह भगत सिंह फैंस क्लब का सदस्य था।

ललित झा की निशानदेही पर जले हुए फोन की बरामदगी के बाद, पुलिस ने पहले से दर्ज एफआईआर में आईपीसी की धारा 201 (सबूत नष्ट करना/साक्ष्य गायब करना) जोड़ने का फैसला किया है।

झा ने संसद के बाहर अमोल और नीलम के विरोध प्रदर्शन का वीडियो बनाने के बाद इसे कई लोगों के साथ शेयर भी किया और उन्हें इसे प्रसारित करने के लिए कहा।

–आईएएनएस

एसकेपी

E-Magazine