मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भी सपा देगी कांग्रेस को चुनौती

मध्य प्रदेश के बाद राजस्थान में भी सपा देगी कांग्रेस को चुनौती

लखनऊ, 8 नंवबर (आईएएनएस)। इंडिया गठबंधन में दरार और बढ़ती जा रही है। समाजवादी पार्टी ने मध्यप्रदेश के बाद राजस्थान में भी पांच उमीदवार उतार कर कांग्रेस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

समाजवादी पार्टी राजस्थान की प्रदेश अध्यक्ष वंदना यादव ने बताया कि हमारी पार्टी यहां पर पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सपा ने यहां अलवर जिले की राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, थानागाजी, धौलपुर, नदबई और नगर सीट पर प्रत्याशी उतारे हैं। हमें उम्मीद है कि पार्टी यहां अच्छा प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस से यहां पर कोई समझौता नहीं हो सका है। हमारा संगठन हर जिले में है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी प्रचार करने आयेंगे।

चुनावी आंकड़े बताते हैं कि 2018 के चुनाव में सपा ने यहां से पांच उमीदवार उतारे थे, लेकिन उन्हें कामयाबी एक भी सीट पर नहीं मिली। हालांकि उन्हें 7.56 प्रतिशत वोट शेयर जरूर मिला था। राजस्थान में सपा को 2008 में एक सीट मिली थी।

राजनीतिक विश्लेषक बताते हैं कि सपा को सबसे ज्यादा उम्मीद मध्य प्रदेश से थी जहां कांग्रेस ने उन्हें एक भी सीट नहीं दी। इसके बाद से अखिलेश के निशाने पर भाजपा के साथ कांग्रेस भी है। हालांकि दोनों ओर से अभी इंडिया गठबंधन में ही लोकसभा चुनाव लड़ने का दावा किया जा रहा है।

–आईएएनएस

विकेटी/एसकेपी

E-Magazine