सहारनपुर की नूरबस्ती में नगर निगम ने 2 करोड़ की जमीन अवैध कब्जा मुक्त कराई


सहारनपुर 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। सहारनपुर नगर निगम ने बुधवार को नूरबस्ती में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान करीब 600 वर्ग मीटर जमीन को खाली कराया गया। कुछ लोग अवैध निर्माण कर इसे कब्जाने की कोशिश कर रहे थे। खाली कराई गई जमीन कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।

स्मार्ट सिटी के परियोजना के वरिष्ठ प्रबंधक जितेंद्र सिंह ने बताया कि नूरबस्ती में स्मार्ट सिटी के तहत ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके निर्माण में कुछ लोगों द्वारा अवरोध पैदा किया जा रहा था। इन लोगों ने नगर निगम की 600 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। कालोनाइजर यहां अवैध निर्माण कर रहे थे। सहायक नगरायुक्त शिवराज सिंह, स्मार्ट सिटी के परियोजना प्रबंधक जितेंद्र सिंह, प्रवर्तनदल प्रभारी कर्नल बी.एस. नेगी के अलावा हेमराज, प्रवीण, पवन के साथ सुरक्षा कर्मियों की मदद से बुधवार को अतिक्रमण को हटा दिया गया। करीब दो घंटे तक कार्रवाई चली।

–आईएएनएस

विमल/एसजीके


Show More
Back to top button