यूपीएससी भर्ती 2026: रिसर्च ऑफिसर सहित 34 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता से सैलरी तक सब कुछ
नई दिल्ली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी की तैयारी करने के साथ-साथ रिक्तियों के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। दरअसल, संघ लोग सेवा आयोग (यूपीएससी) ने विभिन्न विभागों में खाली 34 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं।
यूपीएससी ने जिन विभागों में 34 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें पोर्ट, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत लाइटहाउस और लाइटशिप महानिदेशालय में असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (सिविल) का 1 और असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 9; पत्तन, पोत-परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय में असिस्टेंट डायरेक्टर (इंजीनियरिंग) का 1; विधि और न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग के राजभाषा विंग में अधीक्षक अनुवाद (हिंदी शाखा) का 1; विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नेशनल एटलस एंड थीमैटिक मैपिंग ऑर्गनाइजेशन में रिसर्च ऑफिसर के 11; लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के बागवानी विभाग में बागवानी विकास अधिकारी के 4; और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के कृषि विभाग के कमांड एरिया डेवलपमेंट में सॉइल कंजर्वेशन असिस्टेंट के 7 पद शामिल हैं।
इन सभी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 8 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि (लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के तहत आने वाले पदों के अलावा अन्य पदों के लिए) 28 अगस्त के शाम 6 बजे तक तय की गई है। वहीं, लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन के तहत आने वाले पदों के लिए अप्लाई करने की आखिरी तारीख 4 सितंबर तय की गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवारों की सलाह दी जाती है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पद के अनुसार निर्धारित तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर लें।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पोस्ट और विभाग के अनुसार ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास आयोग के अनुसार पद के तहत प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद के अनुसार 30 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। हालांकि किसी भी कैंडिडेट्स की अधिकतम आयु छूट के बाद भी 56 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन भर्ती परीक्षा (आरटी)/संयुक्त भर्ती परीक्षा (सीआरटी), साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार, 7वें सीपीसी के तहत पे मैट्रिक्स में लेवल-7, 8 और 10 के बीच प्रति माह होगी।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 25 रुपए तय किया गया है। वहीं, महिलाएं/एससी/एसटी/बेंचमार्क दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
कैंडिडेट्स को भर्ती, योग्तया, चयन प्रक्रिया आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए यूपीएससी की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।
–आईएएनएस
डीके/पीएम